पवई में कलेक्टर की जनसुनवाई, जिला बनाने की मांग ने पकड़ा जोर*
*पवई में कलेक्टर की जनसुनवाई, जिला बनाने की मांग ने पकड़ा जोर*
*पन्ना कलेक्टर उषा परमार ने जनपद पंचायत परिसर में सुनी जनता की समस्याएँ*
रिपोर्टर – एम पी सी जी Sky इंडिया टीवी से एमपी हेड मोहम्मद शमीम अहमद खान की रिपोर्ट
एंकर –
पन्ना जिले की कलेक्टर श्रीमती उषा परमार ने आज दिनांक 16 दिसंबर 2025 को पवई जनपद पंचायत के प्रांगण में जनसुनवाई आयोजित की। इस जनसुनवाई में पवई विकासखंड सहित आसपास के अनेक ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
*जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, समस्याओं के निराकरण की उम्मीद*
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व प्रकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याएँ कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर उषा परमार ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान के निर्देश दिए।
*पवई को जिला बनाने की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन*
जनसुनवाई के दौरान पवई की जनता जनार्दन ने एकजुट होकर पवई को जिला बनाए जाने की मांग उठाई। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा इस संबंध में एक ज्ञापन कलेक्टर महोदया को सौंपा गया। ज्ञापन में पवई की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सुविधा और क्षेत्रीय विकास की आवश्यकता को आधार बनाते हुए जिला गठन की मांग की गई।
*प्रशासनिक अधिकारियों की रही सक्रिय मौजूदगी*
इस जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी,पवई एसडीएम सुश्री समीक्षा जैन, जनपद पंचायत सीईओ अखिलेश उपाध्याय, पवई तहसीलदार त्रिलोक सिंह, नगर परिषद सीएमओ विनीत नारायण पवई परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी जनसुनवाई में मौजूद रहे।
*कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश*
कलेक्टर उषा परमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर राहत मिल सके।