खबर

झंडा बाजार अपहरण कांड के सफल खुलासे पर पवई पुलिस का हुआ भव्य सम्मान, व्यापारियों ने कहा— ऐसी कार्यशैली से बढ़ता है जनता का विश्वास*

*झंडा बाजार अपहरण कांड के सफल खुलासे पर पवई पुलिस का हुआ भव्य सम्मान, व्यापारियों ने कहा— ऐसी कार्यशैली से बढ़ता है जनता का विश्वास*

*संवाददाता – एमपी-सीजी स्काई इंडिया टीवी से एमपी हेड मोहम्मद शमीम अहमद खान की रिपोर्ट*

एंकर –
पवई झंडा बाजार अपहरण कांड का त्वरित एवं सफल खुलासा कर अपहृत बालक अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे को सकुशल बरामद करने तथा पूरे मामले में शामिल आरोपियों को अल्प समय में गिरफ्तार करने वाली पवई पुलिस टीम का नगर के व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा थाना परिसर में भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार सहित पूरी पुलिस टीम का पुष्पमालाएं पहनाकर, शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया और उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
गौरतलब है कि 27 जून को पवई के झंडा बाजार निवासी कपड़ा व्यवसायी राजेश डेंगरे के पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे का बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पवई पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार सघन दबिश के माध्यम से दिन-रात अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई के परिणामस्वरूप महज 8 घंटे के भीतर अपहृत बालक को सकुशल अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया गया। इसके बाद लगातार की गई विवेचना एवं छापामार कार्रवाई के चलते लगभग 60 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नगरवासियों का कहना है कि जिस तेजी, सूझबूझ और पेशेवर तरीके से पवई पुलिस ने इस चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा किया, उसने यह साबित कर दिया कि पुलिस यदि पूरी गंभीरता और रणनीति के साथ कार्य करे तो बड़े से बड़ा अपराध भी शीघ्र सुलझाया जा सकता है। अपहृत बालक की सुरक्षित वापसी से न केवल परिजनों ने राहत की सांस ली, बल्कि पूरे नगर में पुलिस के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की यह सफलता केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। जिस तत्परता से पुलिस ने कार्रवाई कर मासूम बालक को सुरक्षित वापस लाकर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, वह सराहनीय है। व्यापारियों ने कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्यों का सार्वजनिक सम्मान होने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर के व्यापारी भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी पवई पुलिस की कार्यशैली की खुले दिल से प्रशंसा की। उनका कहना था कि इस कार्रवाई ने अपराधियों में कानून का भय पैदा किया है और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया है। लोगों ने उम्मीद जताई कि आगे भी पुलिस इसी तरह निष्पक्ष, संवेदनशील और प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखेगी।
इस अवसर पर व्यापारी संघ की ओर से सुशील अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सुरेंद्र डेंगरे, बलराम छिरोलिया, बृजेश नगायच, अशोक डेंगरे, राजेश डेंगरे, अंशुल गुप्ता, राहुल डेंगरे सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। वहीं अभिषेक (मोनू) जैन, गुलाब मधु सोनी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी समारोह में मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button