भावुक माहौल में कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार सैनी को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं को किया गया याद*
*भावुक माहौल में कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार सैनी को दी गई सम्मानपूर्ण विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं को किया गया याद*



संवाददाता
पवई। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल, पवई में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता सतीश कुमार सैनी के पवई से जतारा स्थानांतरण के उपलक्ष्य में उनके सम्मान में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता प्रभात साहू, कनिष्ठ अभियंता अजय प्रजापति (शाहनगर), शाहिद कमाल (रैपुरा), अमरदीप परिहार (अजयगढ़), उमेश पाण्डेय (सलेहा) सहित रामजी कुशवाहा, सत्यम सोनी, रामाधार पाठक, विजय अहिरवार एवं विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में पत्रकारगण एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी समारोह में सहभागिता कर श्री सैनी के कार्यों की सराहना की।
अपने कार्यकाल के दौरान श्री सैनी ने विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली से क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई। उनका सहज, सरल और सौम्य स्वभाव तथा सभी के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार उन्हें विभागीय कर्मचारियों और आमजन के बीच लोकप्रिय बनाता रहा। यही कारण रहा कि विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल को भावुक होकर याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्री सैनी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कर्मठता के साथ किया। उनका अनुशासित कार्य व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व और जनहित के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायक रहेगा। उन्होंने विभाग की कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं का विश्वास भी अर्जित किया।
समारोह के अंत में श्री सैनी का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों एवं नागरिकों ने उनके नवीन पदस्थापन स्थल जतारा में भी इसी समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं। भावुक माहौल के बीच सभी ने उन्हें आत्मीयता, सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।