पवई रेस्ट हाउस में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय शरद जोशी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*
*पवई रेस्ट हाउस में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय शरद जोशी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*

रिपोर्टर
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के पूर्व प्रांतीय कार्याध्यक्ष स्वर्गीय शरद जोशी के निधन पर पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके निधन को पत्रकारिता और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पन्ना जिला एवं तहसील पवई इकाई द्वारा पवई रेस्ट हाउस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष धनंजय श्रीवास्तव ने की।
श्रद्धांजलि सभा में पवई क्षेत्र के पत्रकार साथियों के साथ जिला एवं संभाग स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय शरद जोशी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पत्रकार साथियों ने उनके व्यक्तित्व, सरल व्यवहार, पत्रकारिता के प्रति समर्पण तथा संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय शरद जोशी ने अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वे संगठन के प्रति समर्पित रहे और अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन से लगातार पत्रकार साथियों का उत्साहवर्धन करते रहे। उनका निधन पत्रकारिता जगत के साथ-साथ मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के लिए भी एक बड़ी क्षति है।
सभा में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि स्वर्गीय शरद जोशी का संघर्ष, पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा और साथियों के प्रति उनका मार्गदर्शन हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पत्रकार साथियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की गई।