कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस पर जिले में भव्य सीएससी दिवस का आयोजन
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस पर जिले में भव्य सीएससी दिवस का आयोजन
आगर मालवा उत्कृष्ट कार्य के लिए वीएलई फरमान खान हुए सम्मानित
जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर सीएससी दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला श्रम अधिकारी ने केक काटकर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में वीएलई (Village Level Entrepreneurs), विभिन्न लोन कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सीएससी के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था। इस दौरान सीएससी द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं का विस्तार से परिचय कराया गया। इनमें प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, पैन कार्ड, आधार संबंधी सेवाएं, डिजीपे के माध्यम से बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-श्रम पंजीकरण, टेली-लॉ (निःशुल्क विधिक परामर्श), ई-कोर्ट सेवाएं, रेल टिकट आरक्षण, बिजली-पानी सहित अन्य उपयोगिता बिलों का भुगतान, बीमा एवं पेंशन सेवाएं, पासपोर्ट आवेदन, डिजिटल शिक्षा, कृषि सेवाएं, लोनबाज़ार के माध्यम से ऋण सुविधा, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि जिला श्रम अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 17 वर्षों में सीएससी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ तरीके से पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज सीएससी डिजिटल इंडिया अभियान का मजबूत आधार बन चुका है, जिसके माध्यम से नागरिकों को उनके गांव के समीप ही विभिन्न सरकारी एवं निजी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों के समय और धन की बचत होने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में उत्कृष्ट कार्य करने पर सीएससी वीएलई फरमान खान को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी ने सभी उपस्थित वीएलई को शासन की जनहितैषी योजनाओं, विशेष रूप से प्रधानमंत्री मानधन योजना एवं ई-श्रम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन डिजिटल सेवाओं के विस्तार और नागरिकों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं वीएलई ने सीएससी के माध्यम से डिजिटल भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।