अमरनाथ यात्रियों की बस खाई में गिरी, 30 श्रद्धालु घायल
अमरनाथ यात्रियों की बस खाई में गिरी, 30 श्रद्धालु घायल
जम्मू, 28 जुलाई (संजीव दुबे): जम्मू-कश्मीर के गंडेरबल जिले के गुंड क्षेत्र में मंगलवार को अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा गुंड के हरिगनीवान स्थित एस- मोड़ (S-Mode) के पास उस समय हुआ, जब लगभग 40 यात्रियों को लेकर जा रही बस (पंजीकरण संख्या AR11 D5655) अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF), प्रशासन और स्थानीय लोगों की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को निकालकर कंगन अस्पताल पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो श्रद्धालुओं के सिर में चोट (हेड ट्रॉमा) आई है, लेकिन उनकी हालत भी स्थिर है। अन्य सभी घायल यात्रियों का भी इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।