शासकीय महाविद्यालय खिरकिया में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर दो दिवसीय भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम
लोकेसान खिरकिया खिरकिया, 28 फरवरी 2026। शासकीय महाविद्यालय खिरकिया में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर दो दिवसीय भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम
का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCST), भोपाल के प्रायोजन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. योगेश सिंह द्वारा तथा संयोजन श्री अनुराग घारू के निर्देशन में किया गया। संपूर्ण आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य श्री आर. एस. पटेल के मार्गदर्शन में डॉ. मूर्ति मौर्य, डॉ. स्वाती उपाध्याय, डॉ. प्रतिभा द्विवेदी, सुश्री जानकी दांगी, श्री बृजलाल पनिका एवं श्री पवन कुमार दोहरे की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय महाविद्यालय टिमरनी के डॉ. श्रीकांत गंगवार एवं रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की डॉ. मोनिका सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 की थीम “विज्ञान में महिलाएँ : विकसित भारत को गति प्रदान करना” पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, उनके अनुसंधान एवं नवाचार में योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, जिज्ञासा विकसित करने और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिसमें महिलाओं की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का शुभारंभ माननीय नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती इंदरजीत कौर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के डॉ. रामकुमार लोधी ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।
दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विज्ञान आधारित रंगोली, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं ऊर्जा के साथ सहभागिता की और अपनी रचनात्मकता, तार्किक क्षमता एवं वैज्ञानिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में खुशी ठाकुर (बी.कॉम द्वितीय वर्ष) ने प्रथम, निकिता धवारे (बी.कॉम प्रथम वर्ष) ने द्वितीय तथा स्वाती राठौर एवं राजनती मनाथे ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में राहुल महाजन (बी.एससी तृतीय वर्ष) को प्रथम एवं गौतम (बी.एससी तृतीय वर्ष) को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुमकुम राजपूत, पार्वती राजपूत एवं शिवानी खंडेले की टीम ने प्रथम, राहुल महाजन, गौतम एवं सलोनी की टीम ने द्वितीय तथा रुक्मणी, निकिता एवं गीता राठौर की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में ज्योति नागवंशी (बी.एससी द्वितीय वर्ष) ने प्रथम, शिवानी खंडेले (बी.एससी द्वितीय वर्ष) ने द्वितीय एवं रुक्मणी (बी.ए तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान अर्जित किया। सभी विजेताओं को सम्मानपूर्वक पुरस्कार वितरित किए गए।
यह दो दिवसीय आयोजन अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं सफल रहा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ किया तथा विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान एवं महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावी रूप से रेखांकित किया।खिरकिया से संतोष गंगराड़े की रिपोर्ट