खबर

रीवा के टीआरएस कॉलेज की प्राचार्य पर बीजेपी एजेंट के रूप में काम करने का आरोप, एनएसयूआई काधरना प्रदर्शन l

रीवा से अनिल शर्मा।

रीवा, 2 जून 2025।

टीआरएस महाविद्यालय की प्राचार्य पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एजेंट के रूप में कार्य करने का गंभीर आरोप लगाते हुए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को कॉलेज परिसर के सामने 24 घंटे का धरना प्रदर्शन शुरू किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय कर रहे हैं।

एनएसयूआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि दो दिन पूर्व संगठन ने विरोध स्वरूप प्राचार्य मैडम के कार्यालय के बाहर एक भाजपा सदस्य की नेम प्लेट लगाई थी और उन्हें भाजपा का गमछा भी भेंट किया था। एनएसयूआई का आरोप है कि प्राचार्य कॉलेज परिसर के भीतर भाजपा के पक्ष में राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं। संगठन का कहना है कि प्राचार्य द्वारा छात्रों को असाइनमेंट और टेस्ट के नाम पर बुलाकर उन्हें भाजपा के कार्यक्रमों में भेजा जाता है।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि हाल ही में एमकॉम के एक शिक्षक रत्नेश तिवारी द्वारा भी छात्रों को मैसेज कर कॉलेज बुलाया गया और फिर उन्हें बस में भरकर भाजपा कार्यालय ले जाया गया। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि यह सब प्राचार्य की जानकारी और सहमति के बिना संभव नहीं है, लेकिन जब जवाबदेही की बात आती है तो प्राचार्य जिम्मेदारी लेने से इनकार कर देती हैं।

एनएसयूआई ने प्राचार्य को कॉलेज प्रशासन के लिए अयोग्य बताते हुए शासन-प्रशासन से उन्हें तत्काल पद से मुक्त करने और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की अनुमति देने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है और जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

धरने के समापन के बाद एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा, और अगले दिन नई रणनीति के साथ प्रदर्शन दोबारा शुरू किया जाएगा। उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी भी कीमत पर यह आंदोलन रोकने वाला नहीं है, और कॉलेज प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे भी अपनी गतिविधियों में पारदर्शिता बरतें वरना आंदोलन और तीव्र हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button