खबर

आकाशवाणी छतरपुर की काव्य गोष्ठी में पन्ना के कवियों ने बिखेरा काव्य रस*

*आकाशवाणी छतरपुर की काव्य गोष्ठी में पन्ना के कवियों ने बिखेरा काव्य रस*

*20 जून को प्रातः 10 बजे होगा कार्यक्रम का प्रसारण*

रिपोर्टर – एम पी सी जी Sky इंडिया टीवी से एमपी हेड मोहम्मद शमीम अहमद खान की रिपोर्ट

छतरपुर। आकाशवाणी अपनी स्थापना की 90वीं वर्षगांठ तथा आकाशवाणी केंद्र छतरपुर अपनी स्थापना की 50वीं वर्षगांठ (स्वर्ण जयंती वर्ष) मना रहा है। इस अवसर पर आकाशवाणी केंद्र छतरपुर द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष काव्य गोष्ठी “रसावरण” का आयोजन किया गया, जिसमें पन्ना जिले के कवियों ने अपनी प्रभावशाली रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
काव्य गोष्ठी में पन्ना जिले में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक एवं कवि मुकेश पाण्डेय ‘चन्दन’, पवई वन परिक्षेत्र अधिकारी नितेश पटेल, रैपुरा वन परिक्षेत्र अधिकारी विवेक जैन तथा ग्राम दुर्रा निवासी कवि जसवेंद्र सिंह बुंदेला ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि सुरेश श्रीवास्तव ‘सौरभ’ ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुकेश पाण्डेय ‘चन्दन’ ने अपनी मार्मिक कविता ‘अजन्मी की पुकार’ से की, जिसमें कन्या भ्रूण हत्या जैसे संवेदनशील विषय को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने प्रेम, विरह और विंध्य क्षेत्र के जंगलों पर आधारित रचनाओं का भी पाठ किया। नितेश पटेल ने अपनी यथार्थवादी अतुकांत कविताओं के माध्यम से समाज और जीवन के विभिन्न पहलुओं को उजागर किया।
विवेक जैन ने कविता के माध्यम से युवा जीवन के संघर्ष, घर से दूर रहकर कार्य करने की चुनौतियों और भावनात्मक अनुभवों को अभिव्यक्त किया। वहीं जसवेंद्र सिंह बुंदेला ने श्रृंगार रस से परिपूर्ण गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के संचालक सुरेश श्रीवास्तव ‘सौरभ’ ने अपनी ओजपूर्ण वीर रस की कविता के माध्यम से देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने आशुकविता के जरिए आकाशवाणी छतरपुर केंद्र की स्वर्ण जयंती पर शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।
आकाशवाणी छतरपुर केंद्र में रिकॉर्ड किए गए इस विशेष काव्य कार्यक्रम का प्रसारण 20 जून को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। श्रोता इसे आकाशवाणी छतरपुर के मीडियम वेव 675 किलोहर्ट्ज़ पर सुन सकेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम को मोबाइल पर न्यूज़ ऑन एआईआर (News On AIR) ऐप के माध्यम से भी सुना जा सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button