खबर

समाजहित में परिणामदायक और सकारात्मक पत्रकारिता को दें प्राथमिकता: नरेंद्र सिंह तोमर*

*समाजहित में परिणामदायक और सकारात्मक पत्रकारिता को दें प्राथमिकता: नरेंद्र सिंह तोमर*

*मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के संभागीय सम्मेलन में पत्रकारों एवं प्रतिभाओं का सम्मान*

रिपोर्टर
पन्ना। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्रकारों से समाचारों के सामाजिक प्रभाव का मूल्यांकन करने और सकारात्मक एवं तथ्यात्मक पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समय-समय पर यह भी देखना चाहिए कि उनके समाचार का समाज और शासन-प्रशासन पर क्या प्रभाव पड़ा तथा संबंधित समस्या के समाधान की दिशा में उसका कितना योगदान रहा।
श्री तोमर रविवार को रॉयल गार्डन में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के संभागीय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाचारों का उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाना भी होना चाहिए।
सम्मेलन में संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया, उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार, पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार दुबे एवं रामकिशोर अग्रवाल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय उपाध्यक्ष भरत चौरसिया ने की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि केवल किसी संस्थान का परिचय-पत्र बनवा लेना ही पत्रकारिता नहीं है। उन्होंने नारद जी और गणेश शंकर विद्यार्थी के उदाहरण देते हुए पत्रकारिता की जिम्मेदारी और प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता महत्वपूर्ण है और पत्रकारों की लेखनी तथ्यात्मक, जिम्मेदार एवं सकारात्मक होनी चाहिए।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा कि पत्रकारों को अपना सम्मान अपनी निष्पक्ष और तथ्यात्मक पत्रकारिता से बनाना चाहिए। उन्होंने राजनेताओं की चाटुकारिता से दूर रहते हुए तथ्यों पर आधारित समाचारों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस बार संघ का सदस्यता अभियान ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि पत्रकारिता में शुचिता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने भी समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और संबंधित पक्ष को सामने रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट एवं सनसनीखेज खबरों के स्थान पर तथ्यात्मक समाचारों को प्राथमिकता देने तथा समस्या के साथ समाधान की दिशा भी सामने रखने की बात कही।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार दुबे ने छतरपुर जिला इकाई द्वारा शुरू की गई पत्रकार संबल निधि की सराहना की और अन्य जिला इकाइयों से भी ऐसी पहल करने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल ने बताया कि सदस्यता अभियान 1 अक्टूबर से शुरू होगा और सक्रिय पत्रकारों को ही सदस्यता देने पर जोर दिया जाएगा।
सम्मेलन में शासन-संगठन समन्वय समिति के सहसंयोजक अनिल त्रिपाठी, संभागीय उपाध्यक्ष भरत चौरसिया, गुनौर विधायक राजेश वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे ने भी विचार व्यक्त किए। स्वागत उद्बोधन जिला अध्यक्ष धनंजय श्रीवास्तव ने दिया।
संभागीय महासचिव प्रतीक खरे ने संगठन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून के संबंध में 1 मई को सौंपे गए ज्ञापन का उल्लेख किया। सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं एवं अन्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रामशरण पाराशर, दमोह जिला अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव, शहडोल जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह, कटनी जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राजपूत, रीवा जिलाध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी सहित जिलेभर से श्रमजीवी पत्रकार साथी उपस्थित रहे। संचालन जिला इकाई के महासचिव सुरेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button