मान्धाता पर्वत पर राजा मान्धाता की 61 फीट प्रतिमा स्थापित हो :
ओंकारेश्वरकृष्णापुरोहित की रिपोर्ट
*मान्धाता पर्वत पर राजा मान्धाता की 61 फीट प्रतिमा स्थापित हो :

*पंचायतन मंदिर के शिलान्यास के बीच उठी मांग, ओंकारेश्वर की धार्मिक परंपरा में राजा मान्धाता के योगदान को मिले सम्मान*
इंदौर /ओंकारेश्वर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गत दिवस ओंकारेश्वर स्थित मान्धाता पर्वत पर स्थापत्य के माध्यम से एकात्मकता का संदेश देने के उद्देश्य से पंचायतन मंदिर का सपत्निक पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। यह मंदिर भविष्य में भारत की प्राचीन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पौराणिक दार्शनिक दृष्टि को साकार करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसी अवसर पर अब मान्धाता पर्वत के नाम और उसके धार्मिक-पौराणिक महत्व से जुड़े चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता की स्मृति को भी स्थायी स्वरूप देने की मांग उठी है।
अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं मध्यप्रदेश के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली ने प्रदेश सरकार से मांग की है, कि मान्धाता पर्वत पर चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता की 61 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए तथा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर के साथ शिवभक्त राजा मान्धाता का मंदिर भी स्थापित किया जाए।
प्रकाश महावर कोली ने कहा कि ओंकारेश्वर केवल देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक नहीं, बल्कि इसका संबंध प्राचीन भारतीय इतिहास, पुराण परंपरा और चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता की तपस्या से भी जुड़ा हुआ है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इक्ष्वाकु वंश के चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता ने इसी पर्वत पर भगवान शिव की घोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें साक्षात दर्शन दिए और उनकी इच्छा के अनुरूप यहां ज्योतिर्लिंग के रूप में विराजमान हुए। इसी कारण इस क्षेत्र को मान्धाता पर्वत के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि जब ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की लगभग 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित कर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाया जा सकता है, तो उस पौराणिक परंपरा के प्रमुख पात्र चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता की स्मृति में 61 फीट की प्रतिमा क्यों नहीं स्थापित की जा सकती? राजा मान्धाता की प्रतिमा यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारतीय इतिहास, धर्म, तपस्या और त्याग की गौरवशाली परंपरा से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
प्रकाश महावर कोली ने कहा कि पंचायतन मंदिर के निर्माण से मान्धाता पर्वत का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व और अधिक बढ़ेगा। ऐसे में इसी परियोजना की व्यापक परिकल्पना के अंतर्गत राजा मान्धाता की प्रतिमा और उनके नाम से मंदिर की स्थापना की जाए तो ओंकारेश्वर का धार्मिक वैभव और अधिक समृद्ध होगा। इससे मान्धाता पर्वत को केवल तीर्थस्थल के रूप में ही नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और प्राचीन राजपरंपरा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी विकसित किया जा सकेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया कि राजा मान्धाता की 61 फीट प्रतिमा स्थापना तथा उनके मंदिर निर्माण की घोषणा कर इसे शीघ्र मूर्त रूप दिया जाए। यह कदम चक्रवर्ती सम्राट राजा मान्धाता के त्याग, तपस्या और भगवान शिव के प्रति उनकी भक्ति को उचित सम्मान देने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों को भारत की प्राचीन गौरवशाली परंपरा से जोड़ने वाला ऐतिहासिक निर्णय साबित होगा।


