खबर

बिहार की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलें :- सम्राट

बिहार की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलें :- सम्राट

> शिक्षा के लिए बिहार से बाहर जाने वाले बच्चों को प्रदेश में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधायें उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य ।

अगले एक साल में विक्रमशिला विश्वविद्यालय शुरू करने का लक्ष्य ।

बिहार में एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों की स्थापना, शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित ।

‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ की थीम पर आयोजित यह महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच ।

पटना, 28 नवम्बर 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा, संस्कृति और एकता के उत्सव के रूप में पटना के बापू सभागार में आज से तीन दिवसीय आठवें ‘डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। ‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ की थीम पर 28 से 30 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े, इसके लिए प्रदेश में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की जा रही है। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और अगले एक साल में इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने डीएवी संस्थान के अध्यक्ष डॉ० पूनम सूरी से आग्रह करते हुये कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलें। उन्होंने इसके लिए सभी चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बिहार में लगभग डेढ़ लाख पुलिस बल हैं, जिनमें करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए बिहार की विशिष्ट पहचान रही है। बिहार ने देश को स्वर्णिम काल दिया है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय इसी पावन धरती पर रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को पुनर्स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित डीएवी संस्थान पिछले 140 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वर्ष 1886 में लाहौर से शुरू हुई इस शैक्षणिक यात्रा ने आज देशभर में हजारों संस्थानों का स्वरूप ले लिया है। बिहार के लाखों बच्चे डीएवी संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने डीएवी संस्थान से बिहार में अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का और विस्तार करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 534 प्रखंडों सहित 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल की स्थापना की गई है, जहां लगभग 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। तकनीक के माध्यम से बच्चों को हर समय शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि जुलाई में प्राप्त पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी लगभग डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। यह बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक बदलाव है। इससे विशेष रूप से उन परिवारों के बच्चों को लाभ मिल रहा है, जिन्हें घर पर पढ़ाई में सहयोग नहीं मिल पाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में मात्र 272 डिग्री कॉलेज थे। वर्तमान में राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना करने के साथ ही उनमें शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है। शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया में दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में कार्यरत बिहार के शिक्षक वापस अपने प्रदेश आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में संचालित बीएड कॉलेजों से भी डिग्री कॉलेज संचालित करने का आग्रह किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की लगभग 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है। प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध करा रही है। बड़ी संख्या में बिहार के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। सरकार का प्रयास है कि बिहार में ही ऐसे शैक्षणिक संस्थान विकसित हों, जहां बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास किया गया है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं के विस्तार के साथ प्रदेश में 10 नए हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में 15 प्रतिशत के ग्रोथ रेट से इंडस्ट्री का विकास हो रहा है। प्रदेश में प्रतिवर्ष लगभग 9 से 10 हजार नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल-2026 के बिहार में आयोजन के लिए पूरे डीएवी परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार के शैक्षणिक विकास में डीएवी संस्थान का सहयोग महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

समारोह में डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री पूनम सूरी जी ने पुष्पगुच्छ और हरित पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सांसद श्री संजय कुमार झा, पूर्व राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद, विधायक श्री संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री पूनम सूरी जी, डीएवी, बीएसईबी प्रिंसिपल श्री ए०सी० झा, डीएवी संस्थान के उपाध्यक्ष श्री अजय सूरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और डीएवी परिवार के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button