निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र को देती है नई दिशा : राज्यमंत्री*
*निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र को देती है नई दिशा : राज्यमंत्री*


*मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ के सम्मेलन में पत्रकार कल्याण कोष की घोषणा, ट्रैफिक प्रभारी ने दिया एक लाख रुपये का सहयोग*
रिपोर्टर –
छतरपुर। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा शनिवार को एक होटल में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों और उसकी सामाजिक भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रमजीवी पत्रकार शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि पत्रकारिता का भविष्य स्वयं पत्रकारों के भविष्य से तय होता है। उन्होंने कहा कि आलोचना के माध्यम से ही सकारात्मक मार्गदर्शन मिलता है। पत्रकारिता की कलम जब निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ चलती है, तो समाज को नया नजरिया मिलता है। आज सोशल मीडिया के दौर में भी श्रमजीवी पत्रकारों की विश्वसनीयता बनी हुई है, जो गर्व की बात है। उन्होंने संगठन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
एपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पिछले कुछ समय में पत्रकारिता के स्वरूप में काफी परिवर्तन आया है। जब सही और तथ्यपरक रिपोर्टिंग नहीं होती, तब कई बार अजीब स्थिति निर्मित हो जाती है। इसलिए पत्रकारिता में तथ्यों और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। इससे पत्रकारिता को निश्चित रूप से नई दिशा मिलेगी।
छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री ने कहा कि पत्रकारिता और पुलिस समाज तथा सामाजिक विश्वास के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पत्रकारिता की प्रमुख भूमिका है कि वह सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाज को दिशा दे। पुलिस का प्रयास है कि मीडिया के सकारात्मक सहयोग से बेहतर पुलिसिंग की जा सके। दक्षता और बेहतर संवाद से ही खबरों की सत्यता और विश्वसनीयता बनी रहती है।
कलेक्टर मृणाल मीणा ने कहा कि पत्रकार जिला प्रशासन के सकारात्मक पक्ष को भी प्रमुखता दें। इससे बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलता है। वहीं प्रशासन की कमियों को उजागर करने से उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलता है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता की भूमिका बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। नेतृत्व क्षमता, जागरूकता और निष्पक्षता के साथ काम करना ही सच्ची पत्रकारिता है। आज पत्रकार जागरूक होकर समाज में घुसपैठ कर रही बुराइयों को उजागर कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला इकाई अध्यक्ष अभिषेक सिंह सेंगर ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि आज मीडिया की भूमिका सबसे सरल भी है और सबसे कठिन भी। समाज, प्रशासन और पुलिस के बीच चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाने में निष्पक्ष पत्रकारिता का महत्व सबसे अधिक है।
पत्रकार बीमा प्रीमियम घटाने की मांग
सम्मेलन के दौरान प्रान्ताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि जनसंपर्क विभाग की पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना से प्रदेश के अनेक पत्रकार लाभान्वित हो रहे हैं, लेकिन इस वर्ष बीमा प्रीमियम की राशि में भारी वृद्धि कर दी गई है। बढ़ी हुई राशि का भुगतान करना श्रमजीवी पत्रकारों के लिए कठिन है।
संघ ने मांग की कि बढ़ी हुई बीमा राशि को घटाकर विगत वर्ष के समान किया जाए। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 किए जाने की मांग की गई, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पत्रकार इस योजना से वंचित न रहे। राज्यमंत्री ने ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
प्रान्ताध्यक्ष ने पत्रकारों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
इस अवसर पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। इसमें पत्रकारों ने पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों और अपनी जिज्ञासाओं को सामने रखा, जिनका प्रान्ताध्यक्ष शलभ भदौरिया ने समाधान किया।
सम्मेलन में वरिष्ठ पत्रकार राकेश शुक्ला, रविन्द्र अरजरिया, डॉ. सुमति प्रकाश जैन, संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, बक्सवाहा ब्लॉक अध्यक्ष विनोद जैन, चंदला के अशोक शुक्ला सहित अन्य पत्रकारों ने भी पत्रकारिता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
पत्रकार कल्याण कोष के गठन की घोषणा
सम्मेलन के दौरान जिला इकाई अध्यक्ष अभिषेक सिंह सेंगर ने पत्रकार कल्याण कोष के गठन की घोषणा की। घोषणा का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
इस कोष के माध्यम से पत्रकार की आकस्मिक मृत्यु, दुर्घटना अथवा बेटी के विवाह जैसी परिस्थितियों में जरूरतमंद पत्रकार परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस पुनीत कार्य के लिए ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत ने अपनी ओर से एक लाख रुपये तथा बक्सवाहा ब्लॉक इकाई अध्यक्ष विनोद जैन ने 11 हजार रुपये का सहयोग देने की घोषणा की।
वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान
सम्मेलन के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के वरिष्ठ पत्रकारों को शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पत्रकार साथियों को स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष करूनेन्द्र प्रताप सिंह, संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार दुबे, रामकिशोर अग्रवाल, संभागीय अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष भरत चौरसिया, कोषाध्यक्ष कल्याण सिंह चौहान सहित जिले के सभी ब्लॉकों से बड़ी संख्या में श्रमजीवी पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संभागीय महासचिव प्रतीक खरे ने किया, जबकि जिला महासचिव संजय सक्सेना ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में दूरदर्शन के रिपोर्टर रसीद ख़ान के पिता के इंतकाल पर उपस्थित सभी पत्रकारों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


