जल गंगा संवर्धन अभियान के अपूर्ण कार्यों को समयावधि में पूर्ण कर लाएं अपेक्षित प्रगति*
*जल गंगा संवर्धन अभियान के अपूर्ण कार्यों को समयावधि में पूर्ण कर लाएं अपेक्षित प्रगति*
*कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश*
रिपोर्टर – एम पी सी जी Sky इंडिया टीवी से एमपी हेड मोहम्मद शमीम अहमद खान की रिपोर्ट
पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार ने कहा है कि शासन के निर्देशानुसार आगामी 30 जून तक संचालित होने वाले तीसरे जल गंगा संवर्धन अभियान में गत वर्ष के अपूर्ण कार्यों की आगामी 20 अप्रैल तक पूर्णता सुनिश्चित करें और अपेक्षित प्रगति लाएं। ग्राम पंचायतों में खेत तालाब तथा डगवेल रिचार्ज के कार्य को समय सीमा में पूर्ण कराएं। मां की बगिया योजना में भी प्रारंभिक तैयारियों को अविलंब पूर्ण कर लें। जिला कलेक्टर ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में अभियान से जुड़े विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और जनपद पंचायतवार विभिन्न कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती परमार ने कहा कि अभियान के दौरान विभिन्न अवधि में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों व मरम्मत योग्य कार्यों के संबंध में टीमवर्क के साथ कार्य करें। प्रत्येक जनपद पंचायत की टीम द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संपादित किए जाने वाले कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार अन्य विभागों के समन्वय से कार्य पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पम्प ऑपरेटर्स के प्रशिक्षण, स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्रों में जल परीक्षण, जनपदवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, ग्रामीण क्षेत्रों में हैण्डपंप एवं जल स्रोतों के आसपास निरंतर साफ-सफाई कार्य सुनिश्चित कराने के लिए कहा। इस दौरान समस्त जनपद पंचायतों में पेयजल संधारण रजिस्टर संधारित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्वयं के भवन वाले आंगनबाड़ी केन्द्रों में रैनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना सहित आवंटित राशि के सही व उचित उपयोग तथा छोटे-छोटे कार्यों को निर्बाध रूप से शीघ्र पूर्ण कराने के लिए कहा। इस महत्वाकांक्षी अभियान में जन अभियान परिषद के कार्यों तथा भूमिका की जानकारी लेकर जनजागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ नदी तट, घाट व पानी से जलकुंभी व अन्य कचरे की अनिवार्यतः सफाई करवाने पर जोर दिया। साथ ही चिन्हांकित ऐतिहासिक महत्व के तालाब स्थलों पर जनसहयोग से अन्य अपेक्षित कार्यों के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में पन्ना सहित सभी विकासखंड अंतर्गत अच्छे और महत्वपूर्ण कार्यों के दस्तावेजीकरण के लिए भी निर्देशित किया गया। आजीविका मिशन अंतर्गत पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ विभागीय कार्यों के संपादन के निर्देश दिए गए। पूर्व से स्वीकृत कार्यों को तत्काल आरंभ कराने सहित वांछित जानकारी फीडिंग कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। जिला पंचायत सीईओ ने अभियान अंतर्गत तीन माह में विभिन्न विभागों द्वारा संपादित किए जाने वाले कार्यों व गतिविधियों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। इसके अलावा आगामी समीक्षा बैठक के पूर्व सभी विकासखंड के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित जनपद पंचायत सीईओ तथा विकासखंड स्तरीय अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
*सेवानिवृत्ति पूर्व जपं सीईओ का किया सम्मान*
समीक्षा बैठक के उपरांत जनपद पंचायत शाहनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भगवान सिंह की सेवानिवृत्ति के पूर्व जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं अन्य अधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया। शाहनगर जपं सीईओ आगामी 31 मार्च को 62 वर्ष की अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होंगे। इसके पूर्व मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में सीईओ को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शासकीय सेवा में जिम्मेवारीपूर्वक दायित्वों के निर्वहन तथा कार्यकुशलता की सराहना भी की गई।