खबर

कटनी में जुटे प्रदेश भर के पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार भवन पर बनी समिति*

*कटनी में जुटे प्रदेश भर के पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार भवन पर बनी समिति*

*सुरक्षा कानून को लेकर तेज होगी लड़ाई कटनी कार्य समिति में हुआ बड़ा ऐलान*

एंकर:
कटनी में आयोजित मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पांचवीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेशभर से आए पत्रकारों ने पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया। बैठक में पत्रकार सुरक्षा कानून, पत्रकार भवन, संगठन की मजबूती, पत्रकारों के अधिकारों तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए आवश्यक वातावरण पर चर्चा हुई। इस दौरान संगठन ने पत्रकारों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए मांगों के संबंध में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आगे की रणनीति बनाने का निर्णय लिया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने कहा कि पत्रकार और साहित्यकार समाज के दो ऐसे वर्ग हैं, जो जनभावनाओं को शब्द देने का कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता को समाज का दर्पण बताते हुए कहा कि स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने क्षेत्रीय “पटेरी” बोली के संरक्षण और उसे पहचान दिलाने की आवश्यकता पर भी अपने विचार रखे
बैठक में बड़वारा विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने क्षेत्र में पत्रकार भवन की स्थापना के लिए सहयोग का भरोसा दिया। वहीं कटनी विधायक संदीप जायसवाल ने भी पत्रकारों की सुविधाओं के लिए शासन स्तर पर आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया। महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में पत्रकारों की भूमिका सराहनीय है और विकास कार्यों की जानकारी भी समाज तक पहुंचनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कार्य करने के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग लंबे समय से की जा रही है और संगठन इस विषय पर शासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष करेगा और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
बैठक में संगठन की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल तोमर ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि महासचिव का प्रतिवेदन प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप सिंह भदौरिया ने सदन के समक्ष रखा। संगठन प्रभारी मोहम्मद अली ने पूर्व में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए उन्हें सर्वसम्मति से अनुमोदित कराया। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और जिला इकाइयों को अधिक सक्रिय बनाने पर भी सहमति बनी कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों को साझा किया। इस दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, फर्जी मुकदमों से संरक्षण, प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, पत्रकार भवन और संगठनात्मक एकजुटता जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत
मां सरस्वती के पूजन के साथ शुरू हुए इस प्रांतीय आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। कुल मिलाकर कटनी की यह कार्यसमिति पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और संगठनात्मक मजबूती को लेकर एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई, जहां लोकतांत्रिक तरीके से पत्रकार हितों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button