खबर

ओंकारेश्वर में करोड़ों की विकास योजनाओं का शुभारम्भ, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने दी बड़ी सौगातें*

 


ओंकारेस्वर
लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने बुधवार को ओंकारेश्वर में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में मांधाता विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। यह पूरा कार्यक्रम जिला कलेक्टर ऋषभ गुप्ता की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मंत्री राकेश सिंह ने 18.81 करोड़ रुपये की लागत से बर्फानी आश्रम तक पहुंच मार्ग और तीन छोटे पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 8.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले सर्किट हाउस निर्माण कार्य का भी शुभारम्भ किया। ओंकारेश्वर में नर्मदा तट पर फ्लोटिंग जेट्टी सिस्टम, गोमुख घाट, बाणगंगा घाट और ब्रह्मपुरी घाट पर 49.74 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले कार्यों का उद्घाटन भी किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री सिंह ने कहा कि सड़कें आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला हैं। अच्छी सड़कें होने से किसान अपनी फसल आसानी से बाजार ले जा सकते हैं, मरीज अस्पताल पहुँच सकते हैं और विद्यार्थी अपने स्कूल-कॉलेज तक सुगमता से आ-जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद अब सड़क निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाएगा। सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण के अनेक कार्य एक साथ शुरू किए गए हैं ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास की रफ्तार पिछले दो वर्षों में काफी बढ़ी है। मांधाता विधायक नारायण पटेल ने केंद्र तथा राज्य सरकार के सहयोग से हो रहे विकास कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया और स्वीकृत परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री तथा पीडब्ल्यूडी मंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम सृष्टि देशमुख गौड़ा के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। अंत में पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने मुख्य अतिथियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button