पन्ना कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई टीएल बैठक*

*रिपोर्टर -एम पी सी जी Sky इंडिया टीवी से एमपी हेड मोहम्मद शमीम अहमद खान की रिपोर्ट*
पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार की अध्यक्षता में गत सोमवार को कलेक्टेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में लंबित शिकायतों के निराकरण में गत सप्ताह लापरवाही बरतने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही आगामी टीएल बैठक के पूर्व शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 108 ग्रामों के सेचुरेशन से संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा भी लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी वर्षाकाल के दौरान बाढ़ आपदा और अन्य अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। चिन्हांकित शिविर स्थलों के अतिरिक्त कंट्रोल रूम को भी सक्रिय किया जाए। टीएल बैठक में शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले विभागों को अपेक्षित कार्रवाई तथा नवीन शैक्षणिक सत्र में समय सीमा में समस्त पात्र विद्यार्थियों को शत प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं के लिए आगामी चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सुलभ तथा सहज बनाने के उद्देश्य से दिव्यांगजनों की वांछित जानकारी अपडेट करने, समय सीमा में खाद्यान्न उठाव व वितरण की कार्रवाई संपादित कराने तथा शासकीय सेवकों की पदोन्नति प्रक्रिया के संबंध में गोपनीय चरित्रावली संबंधी कार्रवाई एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। टीएल बैठक में वर्षाकाल के दौरान नालों की सफाई, जर्जर भवनों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही सहित सर्पदंश व आकाशीय बिजली गिरने से जीवन रक्षा के लिए जागरूकता गतिविधियां संपादित करने के निर्देश भी दिए गए।
