सासाराम में विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से 2 युवकों की मौत, 5 घायल
सासाराम में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी।

**सासाराम में विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, 2 युवकों की मौत, 5 से ज्यादा घायल**
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमझोर थाना क्षेत्र के रमडीहरा गांव से प्रतिमा लेकर सोन नदी की ओर जा रहे ट्रैक्टर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा के बाद गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर रखकर विसर्जन के लिए निकले थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर ट्रैक्टर की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर सवार कई युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी की मौत हो गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य का इलाज सासाराम सदर अस्पताल, जमुहार मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है।
### हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आग
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने हादसे में शामिल ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। बताया जा रहा है कि ट्रक पर गिट्टी लदी हुई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है। जिस विसर्जन यात्रा में गांव के लोग खुशी के साथ शामिल हुए थे, वह कुछ ही देर में मातम में बदल गई।



