उत्तर प्रदेशखबर

संभल से विदाई पर भावुक हुए IPS केके बिश्नोई, 24 नवंबर की हिंसा याद कर छलके आंसू

1 साल 11 महीने बाद बिजनौर ट्रांसफर, विदाई समारोह में पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए भावुक हुए SP केके बिश्नोई

संभल से विदाई पर भावुक हुए IPS केके बिश्नोई, 24 नवंबर की हिंसा याद कर छलके आंसू

उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS अधिकारी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई का संभल से तबादला हो गया है। उन्हें अब बिजनौर का पुलिस कप्तान बनाया गया है। शनिवार को संभल में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां अपने कार्यकाल को याद करते हुए वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

24 नवंबर की हिंसा को किया याद

विदाई समारोह में केके बिश्नोई अपने संबोधन के दौरान संभल में बिताए कार्यकाल और पुलिसकर्मियों के सहयोग का जिक्र कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा को याद किया। उन्होंने उस मुश्किल दौर में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने बताया कि उस चुनौतीपूर्ण स्थिति में पुलिस परिवार और प्रशासनिक अधिकारियों ने कंधे से कंधा मिलाकर हालात का सामना किया। कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और ड्यूटी पर डटे रहे। अपने साथियों को याद करते हुए केके बिश्नोई की आवाज भर आई और वह रो पड़े।

DM अंकित खंडेलवाल ने संभाला

केके बिश्नोई को भावुक देखकर उनके बगल में बैठे संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी पिलाकर संभाला। इस दौरान डीएम भी भावुक नजर आए। समारोह में मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने तालियों के साथ अपने अधिकारी का हौसला बढ़ाया।

फूलों से सजी गाड़ी को धक्का देकर दी विदाई

विदाई समारोह के अंत में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने केके बिश्नोई की आधिकारिक गाड़ी को फूलों से सजाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने मिलकर गाड़ी को धक्का देकर उन्हें सम्मान के साथ संभल से विदा किया। यह दृश्य समारोह का सबसे भावुक पल रहा।

अब बिजनौर की संभालेंगे कमान

उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया IPS तबादलों में केके बिश्नोई को संभल से हटाकर बिजनौर का SP बनाया गया है। वह 2018 बैच के IPS अधिकारी हैं। संभल में करीब 1 साल 11 महीने के कार्यकाल के दौरान उनकी पहचान सख्त पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को लेकर बनी। उनकी जगह IPS विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया SP बनाया गया है।

केके बिश्नोई ने संभल में अपने कार्यकाल के दौरान 24 नवंबर 2024 की हिंसा समेत कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पुलिस बल का नेतृत्व किया। विदाई के दौरान उन्होंने अपने सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संभल में बिताया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button