शांति एवं सद्भावपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील* *जिला स्तरीय शांति समिति की हुई बैठक*
*शांति एवं सद्भावपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाने की अपील*
*जिला स्तरीय शांति समिति की हुई बैठक*

—————
कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्वक एवं सद्भावपूर्ण माहौल में मनाए जाने के उद्देश्य से गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इस मौके पर मिलाद-उन-नबी पर्व सहित गणेश उत्सव व हरछठ एवं श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत समिति सदस्यों से आवश्यक सुझाव प्राप्त कर वांछित तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती परमार ने कहा कि नियमों का पालन कर सभी पर्व भाईचारा के साथ मनाएं। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा भी प्रत्येक स्तर पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जिला कलेक्टर द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को साफ-सफाई सहित निर्बाध विद्युत व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड तथा मेडिकल टीम की तैनाती व धार्मिक स्थलों पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में मिलादुन्नबी पर्व एवं एक दिवस पूर्व निकलने वाले जुलूस एवं बाईक रैली के मद्देनजर संबंधित पुलिस थाना में वालंटियर्स के नाम एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर निर्धारित डेसीबल सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। इस संबंध में एसडीएम को डीजे मालिक के साथ बैठक करने के लिए भी निर्देशित किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि त्यौहारों के दौरान किसी भी अफवाह को फैलने से रोकने के लिए भी विशेष सहयोग प्रदान करें।
कलेक्टर ने कहा कि गणेश उत्सव में प्लास्टर ऑफ पेरिस मूर्तियों के उपयोग को हतोत्साहित किया जाए। इसके लिए एसडीएम एवं सीएमओ मूर्तिकारों के साथ बैठक भी कर लें। गणेश मूर्ति विसर्जन स्थल दहलान ताल एवं कमलाबाई ताल में भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ तालाब परिसर में छोटी मूर्तियों के विसर्जन के लिए आवश्यकता मुताबिक छोटे कुंड की व्यवस्था भी करें। आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखकर सड़कों से निरंतर रूप से आवारा व निराश्रित पशुओं को निर्धारित आश्रय स्थल पर विस्थापित किया जाए। भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने सुरक्षा व्यवस्था तथा श्री जुगल किशोर मंदिर में भक्तगणों के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए कहा। साथ ही बैठक में 2 एवं 4 सितम्बर को सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे एवं डिप्टी कलेक्टर अनुराग गुर्जर सहित संबंधित विभाग के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्यगण भी मौजूद रहे।
