खबरधर्म ज्योतिष

लोगों से बात करने में बहुत समय देते हैं, लेकिन खुद से बात करने का समय नहीं है – योग शक्ति आस्था दीदी

लोगों से बात करने में बहुत समय देते हैं, लेकिन खुद से बात करने का समय नहीं है – योग शक्ति आस्था दीदी
श्रीमद् भागवत गीता ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन आत्मचिंतन, आत्मज्ञान और जीवन में सकारात्मक बदलाव का दिया संदेश
शाहपुर। ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा शाहपुर में आयोजित श्रीमद् भागवत गीता ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन योग शक्ति आस्था दीदी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आत्मचिंतन, आत्मज्ञान और आध्यात्मिक जीवन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज इंसान दूसरों से बात करने में बहुत समय बिताता है, लेकिन खुद से बात करने और स्वयं को जानने के लिए उसके पास समय नहीं है। जबकि परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग स्वयं की पहचान से होकर गुजरता है।
आस्था दीदी ने कहा कि संसार में अनेक खोजें हो रही हैं, लेकिन इंसान आज भी स्वयं को नहीं खोज पाया है। हमें लगता है कि हम सब कुछ जानते हैं, लेकिन जब तक हम अपने वास्तविक स्वरूप अर्थात आत्मा को नहीं पहचानेंगे, तब तक परमात्मा को भी नहीं जान पाएंगे। उन्होंने अल्बर्ट आइंस्टीन के आध्यात्मिक चिंतन का उदाहरण देते हुए आत्मखोज की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि श्रीमद् भगवद्गीता का दूसरा अध्याय गीता का अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसमें आत्मा के वास्तविक स्वरूप का ज्ञान मिलता है। गीता मोह से मुक्ति और जीवन को सही दिशा देने का मार्ग दिखाती है। आज मनुष्य छोटी-छोटी बातों में तनावग्रस्त हो रहा है। बीपी बढ़ना और हृदय संबंधी समस्याएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसे में आध्यात्मिक ज्ञान और मन की शांति अत्यंत आवश्यक है।
‘जहां-जहां मेरा है, वहीं परेशानी का डेरा है’
आस्था दीदी ने समझाया कि संसार में मोह और अहंकार ही मनुष्य के दुखों का बड़ा कारण हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्ग कहीं बाहर नहीं है, बल्कि जब हम अपने अंदर की बुराइयों को समाप्त कर लेते हैं तो यही संसार स्वर्ग जैसा लगने लगता है। जीवन के रथ को नफरत, ईर्ष्या और द्वेष की दिशा में नहीं ले जाना चाहिए। मनुष्य को कमल के फूल की तरह संसार में रहते हुए भी उससे निर्लिप्त रहना सीखना चाहिए।
उन्होंने भीष्म पितामह के प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि कई बार मनुष्य अनावश्यक प्रतिज्ञाओं और नियमों का गुलाम बन जाता है। समाज में प्रचलित कुरीतियों को ज्ञान के अस्त्र-शस्त्र से समाप्त करना चाहिए। पाप से घृणा करनी चाहिए, पापी से नहीं। व्यक्ति को सुधारने का प्रयास करना चाहिए, न कि उससे नफरत करनी चाहिए।
शरीर गाड़ी है और आत्मा उसका चालक
आस्था दीदी ने शरीर और आत्मा का सुंदर उदाहरण देते हुए कहा कि शरीर एक गाड़ी के समान है और आत्मा उसका चालक है। जब तक आत्मा शरीर में है, तभी तक शरीर का महत्व है। हम अपने शरीर की देखभाल में बहुत समय लगाते हैं, लेकिन जिस आत्मा के कारण यह शरीर चलता है, उसकी ओर ध्यान नहीं देते। इसलिए अपनी व्यस्त दिनचर्या में से कुछ समय आत्मचिंतन और परमात्मा के स्मरण के लिए अवश्य निकालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह शरीर आत्मा का स्थायी स्वरूप नहीं, बल्कि एक आवरण है। जैसे आत्मा एक शरीर छोड़कर दूसरा शरीर धारण करती है, वैसे ही हमें जीवन की वास्तविकता को समझना चाहिए। इच्छाएं कभी समाप्त नहीं होतीं, इसलिए मनुष्य को अपनी सोच और नजरिया बदलने की आवश्यकता है।
गृहस्थ जीवन में रहकर भी आध्यात्मिक बना जा सकता है
गृहस्थ जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि संसार में रहकर अपने सभी कर्तव्य निभाइए, लेकिन माया के प्रभाव में लिप्त मत होइए। जिस प्रकार नाव पानी में रहती है, लेकिन पानी को अपने अंदर नहीं आने देती, उसी प्रकार मनुष्य को संसार में रहते हुए संतुलित जीवन जीना चाहिए।
उन्होंने सुबह-शाम दीपक जलाने और आरती करने के आध्यात्मिक अर्थ को समझाते हुए कहा कि इनका उद्देश्य केवल धार्मिक परंपरा निभाना नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर ज्ञान का प्रकाश जगाना और आत्मचिंतन करना भी है। पूजा में रखे कलश, आम के पत्ते और नारियल भी मनुष्य को अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण और आंतरिक शुद्धता का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि धूल चेहरे पर थी और हम आईना साफ कर रहे थे। इसी तरह मनुष्य अपनी परेशानियों के लिए दूसरों को जिम्मेदार ठहराता है, जबकि उसे सबसे पहले अपने भीतर झांकने की जरूरत है। सोच बदलेगी तो जीवन बदलेगा।
मोबाइल पर स्क्रॉल करने में बीत रहा समय, आत्मचिंतन के लिए नहीं है फुर्सत
आस्था दीदी ने वर्तमान जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज लोगों के पास अपने लिए समय नहीं है, लेकिन मोबाइल पर लगातार स्क्रॉल करने में जिंदगी का बड़ा हिस्सा निकल जाता है। यदि मनुष्य अपनी उम्र का थोड़ा-सा समय भी प्रभु के चिंतन और आत्मज्ञान में लगाए तो उसका जीवन संवर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में शांति, प्रेम, आत्मज्ञान और सकारात्मक विचार अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर योग शक्ति आस्था दीदी का स्वागत शिवकुमार रघुवंशी, राजेश राठौर, चंद्रकांत जैन, ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी एवं ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी बहन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button