लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समयावधि में नागरिक सेवाएं प्रदान न करने पर अर्थदण्ड का प्रस्तुत करें प्रस्ताव: कलेक्टर*

*आश्रम शालाओं सहित अन्य छात्रावासों में सीट रिक्त होने पर अधीक्षक के विरूद्ध होगी कार्रवाई*
*टीएल बैठक में लंबित प्रकरणों के निराकरण के दिए गए निर्देश*
————–
पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार, 30 जुलाई को प्रस्तावित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के चयनित विषयों एवं 100 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने सहित विभागीय अधिकारियों द्वारा वर्तमान जुलाई माह की सभी शिकायतों का भी संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। इसके अलावा टीएल एवं जनसुनवाई पत्रों का भी गंभीरतापूर्वक निराकरण करें। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलेक्टर द्वारा उक्ताशय के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन अंतर्गत एल 1 स्तर पर शिकायतों को अनिवार्य रूप से अटेंड करें। लोकसेवा गांरटी अधिनियम की सेवाओं का समय पर प्रदाय सुनिश्चित हो। राजस्व विभाग के तहत रैपुरा तहसील में अविवादित नामांतरण के 47 लंबित प्रकरणों पर उन्होंने नाराजगी जताई और गत एक सप्ताह में निरंक प्रगति वाले राजस्व सहित समस्त विभागों के जिम्मेवार अधिकारियों को अर्थदंड अधिरोपित करने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक के कार्यों की प्रगति की सतत् मॉनिटरिंग भी करें।
कलेक्टर श्री कुमार ने टीएल बैठक में पुनः निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी अपने कार्यालय में निरंतर उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं का प्रभावी निराकरण करें। यह ध्यान रखा जाए कि आवेदक को कोई परेशानी न हो, आवेदन की पावती भी जरूर दें। जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की गंभीरतापूर्वक बातें सुनकर समस्या का निराकरण किया जाए। इस दौरान जिला संयोजक से आश्रम शालाओं सहित अन्य छात्रावासों में रिक्त सीट की जानकारी लेकर लापरवाह अधीक्षकों के विरूद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश भी दिए। इसके अलावा शासन स्तर से जारी जिले की रैंकिंग में निरंतर सुधार के संबंध में भी कार्ययोजना के साथ शासकीय दायित्वों के निर्वहन के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि रैंकिंग में शामिल 16 विभागों द्वारा निरंतर आम नागरिकों से संबंधित विषयों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व, पशुपालन एवं डेयरी विभाग को निर्धारित संकेतकों के आधार पर कार्य करने की आवश्यकता है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत गत एक माह में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के विरूद्ध भी कार्रवाई की बात कही।
*आधार केन्द्रों का करें समुचित प्रचार-प्रसार*
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में पन्ना नगर में आम नागरिकों के नवीन आधार सहित अपडेशन के लिए चार आधार केन्द्र संचालित हैं। सम्पूर्ण जिले में 63 केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा आगामी दिवसों में अन्य केन्द्रों का संचालन शुरू होना है। इस संबंध में जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस को समस्त आधार केन्द्रों के संबंध में हर स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के लिए कहा। साथ ही केन्द्र के संचालनकर्ता का नाम एवं मोबाइल नंबर की जानकारी से भी अवगत कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की। इस दौरान अब तक ऑनबोर्ड होने से शेष रहे विभागों को आगामी शुक्रवार तक आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने तथा ऑनबोर्डिंग विभागों के अधिकारियों को प्रथम चरण में ई-ऑफिस पर ही नवीन फाइल क्रिएशन एवं मूवमेंट तथा द्वितीय चरण में क्रमशः पुरानी फाइलों के संधारण व प्रेषण के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रदेश स्तर पर ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन में जिले की 42वीं रैंक है।
*बीएमओ के प्रभार में परिवर्तन की चर्चा*
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कतिपय बीएमओ द्वारा स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर इनके प्रभार में परिर्वतन के संबंध में भी आवश्यक चर्चा की। साथ ही सलेहा में नियमित चिकित्सक की तैनाती की बात कही। इस दौरान एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पोर्टल पर ऑनलाइन सबमिशन तथा संबंधित थाना को समय पर प्रेषण की समीक्षा के निर्देश भी दिए। इसके अलावा एसडीएम एवं कार्यपालिक मजिस्टेªट को प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, बाउंडओवर एवं गिरफ्तारी प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रतिमाह लक्ष्यानुसार रोजगारमूलक प्रकरणों की स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक स्तर पर लापरवाही की स्थिति पर जिम्मेवार बैंक कर्मचारी एवं शाखा प्रबंधक के विरूद्ध कार्यवाही के लिए जोनल मैनेजर एवं राज्य स्तर पर प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। इस दौरान उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी और राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन के जिला प्रबंधक को प्रतिमाह लक्ष्यानुसार वांछित कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों द्वारा शीघ्र मध्यान्ह भोजन के लिए खाद्यान्न उठाव, छात्रवृत्ति के समय पर वितरण के लिए शिक्षकों की नामजद ड्यूटी तय करने इत्यादि के निर्देश भी दिए।
*अगस्त माह से बच्चों की माताओं को मिलेगी न्यूट्री बॉस्केट*
कलेक्टर श्री कुमार ने कहा कि आगामी अगस्त माह से जिले के समस्त पोषण पुनर्वास केन्द्र में दाखिल बच्चों की माताओं को केन्द्र से डिस्चार्ज उपरांत न्यूट्री बॉस्केट का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त माताओं को मजदूरी राशि की प्रतिपूर्ति व बतौर प्रोत्साहन एक हजार रूपए भी प्रदान किए जाएंगे। वर्तमान में जिले मे संचालित समस्त एनआरसी में भर्ती के लिए कुल 70 बेड उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने कहा कि इस व्यवस्था से दोहरे उद्देश्य की पूर्ति सुनिश्चित होगी। एनआरसी में कुपोषित बच्चों के समुचित उपचार व पोषण के बाद भी न्यूट्री बॉस्केट के वितरण से निर्धारित अवधि तक बेहतर पोषण सुनिश्चित हो सकेगा। प्रत्येक एनआरसी में दाखिल बच्चों की पृथक फाइल व ट्रैक रिकार्ड तैयार कर निरंतर फॉलोअप भी किया जाएगा। जिला कलेक्टर द्वारा टीएल बैठक में शाहनगर बस स्टैंड में समतलीकरण कार्य के उपरांत बसों का ठहराव सड़क की बजाए स्टैंड परिसर में सुनिश्चित कराने तथा हाइवे पर संचालित साप्ताहिक हाट बाजार के लिए उपयुक्त स्थल का चयन करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण के बाद अंकुर एप पर अनिवार्य रूप से फोटो अपलोड करने तथा विभिन्न विभागों द्वारा प्राथमिकता के साथ उद्यान विभाग की नर्सरी से पौधे क्रय करने के लिए भी निर्देशित किया।
*बृहस्पति कुंड में देवस्थान समिति द्वारा संचालित की जाए गौशाला*
कलेक्टर ने कहा कि जिले में अभिनव पहल की शुरूआत कर बृहस्पति कुंड में देवस्थान समिति द्वारा गौ संवर्धन बोर्ड में पंजीयन उपरांत गौशाला का संचालन शुरू किया जाए। इसके अलावा इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर रोड के चौड़ीकरण तथा बच्चों के लिए झूले व किड्स जोन तैयार करने सहित कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। गौशाला का संचालन मंदिर समिति की राशि व जन सहयोग से किया जाएगा। बैठक में अन्य अंर्तविभागीय विषयों सहित रेल्वे के निर्माणाधीन कार्यों के तहत भू-अर्जन राशि अवार्ड होने के वाबजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा पैसा न लेने पर इनके विरूद्ध सख्ती से कार्रवाई कर निर्बाध रूप से कार्य संचालित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में आदर्श ग्राम पंचायत शाहनगर में किए गए विभागीय प्रयासों से नागरिकों के जीवन में आई खुशहाली पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी सहित अतिरिक्त सीईओ अशोक कुमार चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, एसडीएम संजय कुमार नागवश्ंाी, संयुक्त कलेक्टर कुशल सिंह गौतम एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।