पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में प्रवेश का सुनहरा अवसर संस्था स्तर की काउंसलिंग की तारीख जारी*
*पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में प्रवेश का सुनहरा अवसर संस्था स्तर की काउंसलिंग की तारीख जारी*

*पॉलिटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में प्रवेश का मौका 14 सितंबर तक चलेगी संस्था की काउंसलिंग*
पन्ना। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संस्था स्तर की काउंसिलिंग की समय-सारणी जारी कर दी गई है। संस्था के प्राचार्य मुक्ति नाथ मिश्रा ने बताया कि कार्यालय अध्यक्ष, काउंसिलिंग समिति, तकनीकी शिक्षा संचालनालय भोपाल द्वारा प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में समय-सारणी जारी की गई है।
जारी समय-सारणी के अनुसार अभ्यर्थी 20 अगस्त 2026 से 14 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। वहीं रिक्त सीटों पर संस्था स्तर की काउंसिलिंग 22 अगस्त से 14 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
काउंसिलिंग के लिए अगस्त माह में 22, 24, 27, 29 एवं 31 अगस्त तथा सितंबर माह में 02, 05, 08, 10, 12 एवं 14 सितंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से शाम 06:30 बजे तक अभ्यर्थी संस्था में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
प्राचार्य ने बताया कि संस्था स्तर की काउंसिलिंग की प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी ब्रांचों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर प्रवेश पूर्ण नहीं हो जाता। प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने आय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, कक्षा 10वीं की अंकसूची, शिक्षण शुल्क, टीसी सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में उपस्थित होना होगा।
उल्लेखनीय है कि शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में वर्तमान में मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं सिविल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम संचालित हैं।
इसके अलावा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पवई में मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन तथा कम्प्यूटर साइंस ब्रांच संचालित हैं। इन संस्थानों के अंतिम वर्ष के कई छात्रों का विभिन्न मल्टीनेशनल कंपनियों में चयन भी हो चुका है।
संस्था के प्राचार्य मुक्ति नाथ मिश्रा ने जिले के विद्यार्थियों से अपील की है कि संस्था स्तर की काउंसिलिंग के इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए निर्धारित समय पर रजिस्ट्रेशन एवं प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हों।

