पवई में यूथ कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए*
*पवई में यूथ कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए*


संवाददाता | पवई
पन्ना जिले की पवई तहसील स्थित सांदीपनि गार्डन में जिला यूथ कांग्रेस द्वारा “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आयोजन जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राजपाल सिंह (सौरभ) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, यूथ कांग्रेस पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक समस्याएं एवं सुझाव लोकतांत्रिक तरीके से रखने का मंच उपलब्ध कराना था कार्यक्रम के दौरान विभिन्न छात्राओं ने अपनी-अपनी समस्याएं सार्वजनिक रूप से रखीं पवई मॉडल स्कूल की कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि विद्यालय में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे कक्षाओं में पंखे नहीं चल पाते और विद्यार्थियों को गर्मी के बीच पढ़ाई करनी पड़ती है। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि कक्षा 11वीं की पाठ्यपुस्तकों का समय पर वितरण नहीं हुआ, जिसके कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा ने संबंधित विभाग से इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
वहीं शाहनगर कॉलेज की एक छात्रा, जो छात्रसंघ की उपाध्यक्ष भी हैं, ने आरोप लगाया कि कॉलेज में कई विषयों के नियमित शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिन विषयों का अध्ययन कराया जाना चाहिए, उन विषयों के शिक्षक नहीं मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रा ने शासन से अनुरोध किया कि कॉलेज में आवश्यक विषयों के शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेता भुवन विक्रम सिंह (केसु राजा) ने छात्राओं द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों को नियमानुसार संबंधित विभागों और सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े विषय अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन एवं समाज सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन इन मुद्दों के समाधान के लिए वैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रयास करेगा।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, नियमित अध्ययन करने तथा अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी बात खुलकर रखी, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने गंभीरता से सुना।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों द्वारा समसामयिक विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में कांग्रेस नेताओं ने अपने राजनीतिक विचार व्यक्त किए। वहीं केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर तथ्यों एवं विधिक प्रक्रिया के आधार पर निष्पक्ष जांच एवं उचित कार्रवाई होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार नामदेव, भुवन विक्रम सिंह (केसु राजा), छविलाल चौधरी, नगर अध्यक्ष शशांक लटौरिया, रामसेवक सिंगरोल, कार्यवाहक अध्यक्ष नरेन्द्र तिवारी, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश बागरी, भूपत शाह बुंदेला, महबूब खान, विश्व पटेल, पप्पू खान, विकास वाल्मीकि, साहिल, शिवरतन उर्फ गोलू, शनि राजा, सोनू चौधरी, शिवम रजक, अंकुश राजा, दीपक अरजरिया, स्वदेश सोनी, सत्येन्द्र जैन, राजा जी बुंदेला, श्यामलाल कुशवाहा, लालमणि (पेशकार बाबू), केदार लखेरा, भगवानदास साहू, रूपनारायण पाठक सहित कांग्रेस एवं यूथ कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।