खबर

पवई पॉलीटेक्निक में ‘प्रोजेक्ट कोड’ के तहत निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू, युवाओं को मिलेगा डिजिटल कौशल सीखने का अवसर*

*पवई पॉलीटेक्निक में ‘प्रोजेक्ट कोड’ के तहत निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू, युवाओं को मिलेगा डिजिटल कौशल सीखने का अवसर*


*कंप्यूटर शिक्षा से लेकर कोडिंग, पाइथन और साइबर सुरक्षा तक दी जाएगी जानकारी, आम नागरिक भी कर सकेंगे आवेदन*

पवई डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय पवई में ‘कंप्यूटर ऑन डिमांड एजुकेशन’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। आयुक्त तकनीकी शिक्षा भोपाल के निर्देशानुसार ‘प्रोजेक्ट कोड’ के तहत संचालित इस अभिनव प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल तकनीक से जुड़ी विभिन्न जानकारियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुक्तिनाथ मिश्रा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र गौतम होंगे, जबकि सहायक प्रशिक्षकों के रूप में दीपचंद अहिरवार, रमा सोनी, श्रीमती ज्योत्सना पटेल, प्रशांत कुमार एवं अवधेश धाकड़ प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक कंप्यूटर ज्ञान, इंटरनेट का उपयोग, डिजिटल लाइब्रेरी, कोडिंग, पाइथन एवं सी प्लस प्लस जैसी प्रोग्रामिंग भाषाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कंप्यूटर हार्डवेयर में आने वाली सामान्य समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान, साइबर सुरक्षा तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों से भी परिचित कराया जाएगा।
यह प्रशिक्षण प्रतिदिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक महाविद्यालय की अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब में आयोजित होगा। कार्यक्रम का लाभ महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के साथ-साथ बाहरी विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को भी मिलेगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, हालांकि सीटें सीमित हैं।
कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी तथा 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी भी प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। संस्था के बाहर के विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
इच्छुक विद्यार्थी एवं नागरिक महाविद्यालय के कार्यालयीन समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक कंप्यूटर ब्रांच में नोडल अधिकारी पुष्पेंद्र गौतम से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। पवई एवं आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए यह कार्यक्रम कंप्यूटर ज्ञान बढ़ाने, डिजिटल कौशल विकसित करने और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button