
# दिल्ली के लाजपत नगर में बेसमेंट में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत, दूसरा ICU में भर्ती
**नई दिल्ली:** राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में एक चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल व्यक्ति को सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने के दौरान बेसमेंट में वेल्डिंग का काम किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, लाजपत नगर-II स्थित G-5 बिल्डिंग में दोपहर करीब 1:17 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। PCR कॉल के जरिए बताया गया कि इमारत के बेसमेंट में आग लगी है और कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
**पुलिस और दमकल टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन**
इलाके में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल गजानन ने सबसे पहले इमारत में आग देखी और पुलिस के अन्य कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इमारत को घेर लिया और अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। दमकल की गाड़ियों ने भी आग बुझाने का काम शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान बेसमेंट से दो कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। दोनों को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने गौरव नाम के कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेम सिंह शर्मा का अस्पताल के ICU में इलाज जारी है।
**बेसमेंट में चल रहा था वेल्डिंग का काम**
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने के समय बेसमेंट में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। आशंका है कि वहां फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए वेल्डिंग की जा रही थी। इसी दौरान आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग का काम कर रहे दो कर्मचारी मौके से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कार्यालय में मौजूद गौरव और प्रेम सिंह शर्मा आग की चपेट में आ गए।
**FIR दर्ज, ठेकेदार और बिल्डिंग मालिक की भूमिका की जांच**
घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वेल्डिंग और फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का काम कराने वाले ठेकेदार को पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बुलाया गया है। पुलिस बिल्डिंग मालिक और काम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल नियमानुसार किया जा रहा था या नहीं और वहां जरूरी फायर सेफ्टी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।
पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

