दमोह में नकली किन्नरों का भंडाफोड़: ठगी करते रंगे हाथ पकड़े गए बहुरूपिए

धीरज कुमार की रिपोर्ट
दमोह में अवैध वसूली का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ खुद को किन्नर बताकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. इन नकली किन्नरों को दमोह की जानी-मानी किन्नर गुड़िया ने रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद उनकी ठगी का खेल खत्म हो गया.
गुड़िया किन्नर को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग शहर के केशव नगर और सुभाष कॉलोनी जैसे इलाकों में “किन्नर सम्मेलन” के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं. जब गुड़िया को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन बहुरूपियों को धर दबोचा.
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए लोग असली किन्नर नहीं, बल्कि भेस बदलकर लोगों को ठगने वाले बहुरूपिए थे. इंदौर निवासी राजा, जिसने नकली किन्नर का भेष धरा था, ने स्वीकार किया कि वे बहुरूपिया हैं और यह उनका खानदानी पेशा है. उसने बेबाकी से कहा, “आज हम लोगों ने किन्नरों का भेष रखा था, और दस का बीस करने की आदत है इसलिए लोगों से पैसे मांग रहे थे.”
इस घटना ने दमोह में ऐसे ठगों के खिलाफ सतर्कता बढ़ा दी है, जो अलग-अलग भेष बदलकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं. गुड़िया किन्नर की इस कार्रवाई से शहर में न केवल नकली किन्नरों की ठगी पर लगाम लगी है, बल्कि असली किन्नर समुदाय की छवि को भी धूमिल होने से बचाया गया है.