गाजियाबाद में परिवार को 2 घंटे बंधक बनाकर लूटपाट, बदमाशों ने मिर्ची जलाकर फैलाया धुआं
गाजियाबाद में आधी रात घर में घुसे 5-6 बदमाश, परिवार को दो घंटे बंधक बनाकर लूटपाट, मिर्ची जलाकर फैलाया धुआं

**गाजियाबाद के भोजपुर में परिवार को दो घंटे बंधक बनाकर लूटपाट**
गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना में आधी रात 5-6 बदमाश एक मकान में घुस गए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा और घर में जमकर लूटपाट की। वारदात के दौरान बदमाशों ने मकान के बाहर मिर्ची जलाकर धुआं फैला दिया, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
कलछीना निवासी सद्दाम अपनी पत्नी अफरोजी और छह बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। देर रात महिला ने दरवाजा खोला तो वहां मौजूद बदमाशों ने परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी को बंधक बनाकर घर में रखे सामान और कीमती वस्तुओं की तलाशी ली गई।
पीड़िता के मुताबिक, बदमाशों ने उसके कानों से कुंडल, उंगलियों से अंगूठियां और हाथों के कड़े उतार लिए। इसके अलावा बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात भी बदमाश अपने साथ ले गए। घर में मौजूद नकदी और अन्य सामान भी लूट लिया गया।
वारदात के दौरान बदमाशों ने घर के बाहर मिर्ची जलाकर धुआं फैला दिया। इससे परिवार के लोग घबरा गए और बदमाशों के खिलाफ किसी तरह का विरोध नहीं कर सके। करीब दो घंटे तक परिवार को बंधक बनाए रखने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूरी घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बदमाश कितनी नकदी और कितने कीमत के जेवरात लेकर फरार हुए, इसका पूरा आकलन परिवार की ओर से दी गई जानकारी और जांच के बाद सामने आएगा।



