कानपुर में व्यापारी की थाने में पिटाई, ₹20 हजार नहीं देने पर दरोगा पर मारपीट का आरोप, सस्पेंड
हनुमंत विहार थाने में तैनात दरोगा शैलेंद्र कुमार पर व्यापारी योगेश ने 20 हजार रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर थाने में बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस कमिश्नर ने दरोगा को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं।

कानपुर में व्यापारी की थाने में पिटाई, ₹20 हजार नहीं देने पर दरोगा पर मारपीट का आरोप, सस्पेंड
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां हनुमंत विहार थाने में तैनात एक दरोगा पर व्यापारी को थाने के अंदर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। व्यापारी योगेश का आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद समझौता कराने के नाम पर दरोगा ने उनसे 20 हजार रुपये की मांग की थी। रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ थाने में मारपीट की गई। मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से किए जाने के बाद आरोपी दरोगा शैलेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
एक्सीडेंट के बाद समझौते के नाम पर मांगे 20 हजार रुपये
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी योगेश की गाड़ी से एक बाइक सवार का एक्सीडेंट हो गया था। हादसे में बाइक सवार को ज्यादा चोट नहीं आई थी। व्यापारी का कहना है कि उन्होंने घायल बाइक सवार के इलाज का खर्च उठाने की पेशकश भी की थी।
आरोप है कि इस मामले में समझौता कराने के नाम पर हनुमंत विहार थाने में तैनात दरोगा शैलेंद्र कुमार ने उनसे 20 हजार रुपये की मांग की। व्यापारी ने इतनी रकम देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
थानेदार के सामने दरोगा ने व्यापारी को पीटा
व्यापारी योगेश का आरोप है कि जब वह हनुमंत विहार थाने पहुंचे तो दरोगा शैलेंद्र कुमार ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद दरोगा ने थानेदार राजीव सिंह के सामने ही उनकी पिटाई कर दी।
योगेश के मुताबिक, थाने के अंदर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना के बाद वह काफी परेशान हो गए। थाने से बाहर आने के बाद उन्होंने अपना इलाज कराया और मामले की शिकायत करने का फैसला लिया।
पुलिस कमिश्नर से की लिखित शिकायत
व्यापारी योगेश ने पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से मुलाकात कर पूरे मामले की लिखित शिकायत की। उन्होंने अपनी शिकायत में दरोगा पर रिश्वत मांगने और रुपये नहीं देने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने आरोपी दरोगा शैलेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दरोगा के खिलाफ जांच के आदेश
पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में व्यापारी की शिकायत, घटना के समय थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है। फिलहाल आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने एक बार फिर पुलिस थानों में आम लोगों के साथ व्यवहार और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

