एकता फाउंडेशन के मेडिकल कैंप में उमड़ा जनसैलाब, जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर दिया सेवा और एकता का संदेश*
*एकता फाउंडेशन के मेडिकल कैंप में उमड़ा जनसैलाब, जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर दिया सेवा और एकता का संदेश*


*सतना सांसद गणेश सिंह रहे मुख्य अतिथि, पूर्व मंत्री सईद अहमद ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं प्रतिभाओं का अभिनंदन पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित*
सतना। नजीराबाद स्थित बैरिस्टर गुलशेर अहमद बारात घर में मुस्लिम समुदाय द्वारा एकता फाउंडेशन के तत्वावधान में मेडिकल कैंप एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में सतना सांसद माननीय गणेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जनाब सईद अहमद ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राम खिलावन कोल, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरिफ इकबाल सिद्दीकी, पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ सुरेंद्र शर्मा, ददौली प्रसाद, अध्यक्ष बीएमएस तथा समाजसेवी जिया बेग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एकता फाउंडेशन के अध्यक्ष जनाब हाजी डॉ. एजाज साहब ने किया
मेडिकल कैंप में चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
*विशिष्ट व्यक्तित्वों एवं चिकित्सकीय टीम का हुआ सम्मान*
आयोजन के दौरान भूगर्भ वैज्ञानिक डॉ. प्रभा शंकर मिश्रा, पत्रकार एवं इतिहासकार डॉ. एम. इलियास सिद्दीकी तथा तालीम जकात फाउंडेशन को उनके सामाजिक एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं मेडिकल कैंप में अपनी सेवाएं देने वाले सभी डॉक्टरों एवं उनके सहयोगी स्टाफ को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*जरूरतमंद परिवारों को बांटे कंबल*
कार्यक्रम के दौरान एकता फाउंडेशन की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए गए। इस पहल से जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के साथ समाज के सक्षम लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक टीम की ओर से मुख्य अतिथि सांसद गणेश सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व मंत्री सईद अहमद, सभी विशिष्ट अतिथियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं उपस्थित नागरिकों का तहेदिल से आभार व्यक्त किया गया। एकता फाउंडेशन का यह आयोजन सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और जनसेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।


