Shahjahanpur News: शादी की तारीख तय, रिश्तेदारों को न्योता भी दिया, फिर निकाह पढ़ाने से मुकरा इमाम; पुलिस ने किया गिरफ्तार
शाहजहांपुर में निकाह पढ़ाने से इनकार करने के मामले में पुलिस ने मस्जिद के इमाम को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता मोनिश का आरोप है कि इमाम ने परिवार की कुछ प्रथाओं और तौर-तरीकों को लेकर आपत्ति जताते हुए उनकी बहन का निकाह पढ़ाने से मना कर दिया था।

# Shahjahanpur News: शादी की तारीख तय, रिश्तेदारों को न्योता भी दिया, फिर निकाह पढ़ाने से मुकरा इमाम; पुलिस ने किया गिरफ्तार
**शाहजहांपुर:** उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में निकाह पढ़ाने से इनकार करने का मामला सामने आया है। यहां एक परिवार का आरोप है कि मकान की नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ लिखे होने के साथ-साथ दूसरे धर्म की परंपराओं का सम्मान करने के कारण मस्जिद के इमाम ने उनकी बेटी का निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इमाम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
## 15 नवंबर को तय था निकाह
यह मामला शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के बरमौला अर्जुनपुर गांव का है। शिकायतकर्ता मोनिश पेशे से वकील हैं। उनकी बहन अंजुम का निकाह 15 नवंबर को होना तय हुआ था। परिवार ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थीं और रिश्तेदारों को भी निकाह की तारीख बता दी गई थी।
मोनिश के मुताबिक, उन्होंने निकाह से करीब 10 से 15 दिन पहले मस्जिद के इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी से बात की थी। इमाम ने शुरुआत में निकाह पढ़ाने के लिए सहमति भी दे दी थी।
## निकाह से दो दिन पहले इमाम ने किया इनकार
मोनिश का आरोप है कि 13 नवंबर को इमाम ने अचानक निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के कुछ काम दीन के खिलाफ हैं। मोनिश के मुताबिक, उनके परिवार की राष्ट्रवादी विचारधारा और दूसरे धर्म की परंपराओं का सम्मान करने को लेकर इमाम ने आपत्ति जताई थी।
मोनिश अपने नाम के साथ ‘भगत सिंह’ लिखते हैं। उनके घर की नेमप्लेट पर ‘जय हिंद’, ‘वंदे मातरम’ और ‘जय भारत’ भी लिखा हुआ है। उनका आरोप है कि इन्हीं बातों को लेकर इमाम ने निकाह पढ़ाने से इनकार किया।
## इमाम ने पिता की बीमारी का दिया था हवाला
मोनिश ने बताया कि निकाह के दिन इमाम ने अपने पिता की तबीयत खराब होने की बात कहकर कार्यक्रम में शामिल न हो पाने की जानकारी दी थी। उस समय घर पर रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। ऐसे में परिवार को निकाह कराने के लिए दूसरे इमाम की व्यवस्था करनी पड़ी।
बाद में दूसरे इमाम शफीक खान ने अंजुम का निकाह पढ़ाया और शादी की रस्म पूरी हुई।
## इमाम ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ, इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि उनके पिता की तबीयत खराब थी, जिसके कारण उन्हें गांव जाना पड़ा था। इसी वजह से वह निकाह पढ़ाने नहीं पहुंच सके और परिवार को पहले ही अपनी असमर्थता बता दी थी।
इस मामले में इमाम का पक्ष भी पुलिस जांच का हिस्सा है।
## शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR, इमाम गिरफ्तार
मोनिश ने 19 नवंबर को रोजा थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद इमाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को सूचना मिलने पर टीम ने गुर्री चौकी के पास टेढ़ी पुलिया से आगे एक पेट्रोल पंप के नजदीक से आरोपी इमाम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
शाहजहांपुर पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल निकाह पढ़ाने से इनकार करने के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर शिकायतकर्ता और इमाम के अलग-अलग बयान सामने आए हैं।



