13 सितंबर को पन्ना में पत्रकारों का भव्य महा समागम*
*13 सितंबर को पन्ना में पत्रकारों का भव्य महा समागम*

*विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे 30 प्रतिभाओं एवं संस्थानों का सम्मान*
रिपोर्टर
पन्ना। रत्नगर्भा पन्ना की धरती आगामी 13 सितंबर को एक ऐतिहासिक और गरिमामय आयोजन की साक्षी बनेगी। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की पन्ना जिला इकाई के तत्वावधान में संभागीय पत्रकार सम्मेलन एवं रत्नगर्भा पन्ना को गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। समारोह पन्ना के रॉयल गार्डन में आयोजित होगा।
इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकारों के साथ-साथ शिक्षा, खेल, पर्यावरण, प्रशासन, पुलिस, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांत अध्यक्ष शलभ भदौरिया करेंगे। समारोह में पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार, पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे तथा नगर पालिका पन्ना अध्यक्ष मीना पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहेंगी।
*छह जिलों के पत्रकारों का होगा महा समागम*
संभागीय पत्रकार सम्मेलन में पन्ना के अलावा छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सागर एवं दमोह जिले के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे। सम्मेलन में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों, पत्रकारों की भूमिका, वर्तमान चुनौतियों और संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
खेल से लेकर समाजसेवा तक उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह की विशेषता यह होगी कि वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर पन्ना का प्रतिनिधित्व करने वाली खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देकर राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने वाले वन विभाग के कर्मियों, संघ लोक सेवा आयोग में सफलता प्राप्त करने वाले पन्ना के होनहार अभिजीत जैन तथा दक्षिण वन मंडल पन्ना में अपनी कार्यशैली से विशिष्ट पहचान बनाने वाले ऊर्जावान डीएफओ अनुपमशर्मा का भी सम्मान किया जाएगा।
*पत्रकारिता और पुलिस क्षेत्र की उल्लेखनीय सेवाओं को मिलेगा सम्मान*
पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्ष से अधिक समय से निरंतर सेवाएं दे रहे वरिष्ठ पत्रकारों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। वहीं अपनी विशिष्ट कार्यशैली के लिए प्रदेश स्तर पर रुस्तम अवार्ड से सम्मानित पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार एवं जिले के देवेंद्रनगर में पदस्थ थाना प्रभारी संतोष यादव को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा प्रदेश स्तर पर श्रेष्ठ ग्राम पंचायत के रूप में सम्मानित शाहनगर ग्राम पंचायत तथा पांच हजार से अधिक गोवंश की सेवा एवं संवर्धन के लिए चार बार प्रदेश स्तर पर सम्मानित हो चुकी श्री विद्यासागर गौ सेवा संवर्धन समिति गौशाला को भी सम्मानित किया जाएगा।
30 प्रतिभाओं एवं संस्थानों का होगा सम्मान
आयोजन समिति के अनुसार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और सेवाओं के माध्यम से पन्ना जिले का नाम रोशन करने वाली करीब 30 प्रतिभाओं एवं संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देकर नई पीढ़ी को प्रेरणा देना है।
मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ पन्ना जिला इकाई के धनंजय श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में एक यादगार आयोजन साबित होगा। संगठन का मानना है कि पत्रकारिता और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
