देशभक्ति के रंग में रंगा पन्ना, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने फहराया तिरंगा*
*देशभक्ति के रंग में रंगा पन्ना, प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने फहराया तिरंगा*

*80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया*
*प्रभारी मंत्री ने पुलिस परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी*
पन्ना। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जिले में हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन हुआ।
ध्वजारोहण के बाद प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने खुली जिप्सी में कलेक्टर ऊषा परमार एवं पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के साथ परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। पुलिस बैंड की सुमधुर धुनों के बीच परेड की विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक एवं अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय भावना का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उन्मुक्त गगन में गुब्बारे छोड़े गए। समारोह में लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी का प्रदर्शन किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सशस्त्र एवं निःशस्त्र परेड का प्रदर्शन भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों एवं विद्यालयों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही शासकीय दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के लोकसेवकों को भी सम्मानित किया गया।
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यालयों ने दिखाया हुनर*
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के वरिष्ठ वर्ग में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पन्ना ने प्रथम तथा शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पन्ना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कनिष्ठ वर्ग में लिस्यू आनंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम, डायमंड पब्लिक स्कूल ने द्वितीय तथा सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पन्ना ने तृतीय स्थान हासिल किया।
सशस्त्र बल परेड वर्ग में एसएएफ 10वीं वाहिनी विसबल एवं जिला पुलिस बल की संयुक्त टुकड़ी ने प्रथम, जिला पुलिस बल की पुरुष टुकड़ी ने द्वितीय तथा होमगार्ड की टुकड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर प्लाटून निःशस्त्र वर्ग में वन विभाग उत्तर वन मंडल की टुकड़ी ने प्रथम, छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना की एनसीसी सीनियर टुकड़ी ने द्वितीय तथा एनएसएस टुकड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जूनियर प्लाटून निःशस्त्र वर्ग में एनसीसी जूनियर विंग ने प्रथम, स्काउट दल ने द्वितीय तथा मनहर विद्यालय के गाइड दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक गुनौर डॉ. राजेश वर्मा, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय, उपाध्यक्ष आशा गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रमोद अवस्थी एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक डॉ. कल्पना शर्मा ने किया। जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से समारोह में पहली बार पन्ना जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
*एलईडी स्क्रीन पर हुआ मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण*
शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थितजनों ने मुख्यमंत्री के संदेश को लाइव देखा एवं सुना।
इसके बाद प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संक्षिप्त संदेश का वाचन किया। उन्होंने कहा कि हम विकसित जिले की संकल्पना के साथ आगे बढ़ रहे हैं और जिला निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
*रक्सेहा में बच्चों के साथ किया विशेष भोज*
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक डॉ. राजेश वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ शासकीय पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रक्सेहा में विद्यार्थियों के साथ विशेष भोज किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सांसद एवं प्रभारी मंत्री ने छात्रावास में निवासरत बालिकाओं से भी मुलाकात की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से शैक्षणिक एवं पाठ्येतर गतिविधियों की जानकारी लेते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं से संबंधित कमियों को दूर कराने के लिए छात्रावास अधीक्षिका एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री एवं सांसद ने छात्राओं को कक्षा 12वीं के बाद भी निरंतर बेहतर उच्च शिक्षा प्राप्त करने, कैरियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

