सारणी पुलिस ने अंतर-जिला चोर गिरोह का किया पर्दाफाश*
🔹 *सारणी पुलिस ने अंतर-जिला चोर गिरोह का किया पर्दाफाश* 


🔹 *धार जिले से आते थे चोरी करने–दिन में रेकी, रात में सूने मकानों को बनाते थे निशाना*
🔹 *तीन नकबजनी का खुलासा, मुख्य आरोपी सहित गिरोह के 06 सदस्यों की पहचान*
🔹 *टांडा धार जिले की गैंग ने ही 2017 में मुलताई में दिया था डकैती की घटना को अंजाम, बड़वानी में भी गिरोह ने 2021 में डाली थी बड़ी डकैती*
🔹*एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी में प्रयुक्त वाहन एवं नगदी जप्त*
🔹 *मुख्य आरोपी मानसिंह उर्फ मान्या पर ₹10 हजार एवं आरोपी दिनेश पर ₹10 हजार का इनाम घोषित*
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के कुशल निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के समस्त थाना प्रभारियों को लगातार निर्देशित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सारणी पुलिस को अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य *मनीष पिता ठाकुर सिंह वसूनिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी जिला धार* को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की वारदातों में प्रयुक्त वाहन, नगदी एवं मोबाइल फोन जप्त किया है। आरोपी की पूछताछ में सारणी थाना क्षेत्र की तीन चोरी की वारदातों के साथ-साथ अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
🔹 *पाथाखेड़ा में सूने मकानों को बनाया निशाना*
*घटना क्रमांक-01 :*
दिनांक 03.08.2026 को फरियादी संजय शर्मा पिता कमलकिशोर शर्मा, उम्र 65 वर्ष, निवासी मकान नंबर 08, वार्ड क्रमांक 36, सतपुड़ा कॉलोनी, पाथाखेड़ा द्वारा थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02.08.2026 की रात्रि में उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर प्रवेश कर गया तथा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹35,000 नगदी चोरी कर ले गया।
फरियादी की रिपोर्ट पर *थाना सारणी में अपराध क्रमांक 241/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस* के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
🔹 *दूसरे सूने मकान में भी उसी रात की चोरी*
*घटना क्रमांक-02 :*
दिनांक 03.08.2026 को ही फरियादी दयालाल मेहरा पिता भैयालाल मेहरा, उम्र 67 वर्ष, निवासी मकान नंबर 08, वार्ड क्रमांक 36, सतपुड़ा कॉलोनी, पाथाखेड़ा द्वारा थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 02.08.2026 की रात्रि में उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपी घर में घुसा और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹3,000 नगदी चोरी कर ले गया।
प्रकरण में थाना सारणी द्वारा *अपराध क्रमांक 242/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस* के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
🔹 *रेस्क्यू कॉलोनी में भी चोरी की वारदात*
*घटना क्रमांक-03 :*
दिनांक 09.08.2026 को फरियादी राहुल पिता सुमरचंद धुर्वे, उम्र 34 वर्ष, निवासी रेस्क्यू कॉलोनी, पाथाखेड़ा द्वारा थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा रात्रि के समय उनके घर में प्रवेश कर ताला तोड़ा गया तथा अलमारी में रखे एक मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स एवं एक सोनाटा घड़ी, कुल कीमत करीब ₹95,000, चोरी कर लिए गए।
रिपोर्ट पर *थाना सारणी में अपराध क्रमांक 249/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस* के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
🔹 *पुलिस ने बारीकी से खंगाले घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों से मिली महत्वपूर्ण कड़ी*
🔹तीनों घटनाओं को पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस द्वारा घटनाओं की गहन विवेचना प्रारंभ की गई।
🔹घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा डॉग एस्कॉर्ट के साथ निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए। इसके साथ ही पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का बारीकी से विश्लेषण किया गया।
🔹तकनीकी साक्ष्यों एवं पुलिस द्वारा विकसित किए गए विश्वसनीय सूत्रों के आधार पर आरोपी मनीष पिता ठाकुर सिंह वसूनिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी जिला धार को दिनांक 10.08.2026 को जिला धार से गिरफ्तार किया गया।
🔹 *पूछताछ में अंतर-जिला चोर गिरोह का हुआ खुलासा*
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा अपने साथियों—
1. दिनेश पिता शंकर वसूनिया, निवासी जिला धार।
2. मानसिंह उर्फ मान्या उर्फ मनु पिता बायसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम भंगोली, थाना टांडा, जिला धार।
3. सुरपसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम भंगोली, थाना टांडा, जिला धार।
4. रेवसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम भंगोली, थाना टांडा, जिला धार।
5. छगन वसूनिया, निवासी ग्राम पिपलवा, थाना टांडा, जिला धार।
के साथ वाहन क्रमांक MP-13-ZS-4936 से चोरी करने के उद्देश्य से बैतूल जिले में आना बताया गया।
🔹पूछताछ में आरोपी ने सारणी थाना क्षेत्र के बगडोना में तीन सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा मुलताई क्षेत्र स्थित खाटू श्याम मंदिर की दान पेटी, छिंदवाड़ा जिले के तामिया थाना क्षेत्र तथा सिवनी जिले में भी उसी ट्रिप के दौरान चोरी की वारदातें करना बताया गया है। पुलिस द्वारा इन घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
🔹 *गिरफ्तार आरोपी से यह सामग्री हुई जप्त*
*गिरफ्तार आरोपी मनीष पिता ठाकुर सिंह वसूनिया* के कब्जे से—
– चोरी की वारदात में प्रयुक्त वाहन क्रमांक MP-13-ZS-4936
– ₹3,000 नगदी
– एक मोबाइल फोन
जप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को दिनांक 11.08.2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
🔹 *धार जिले से आते थे आरोपी, दिन में रेकी, रात में वारदात—सीसीटीवी से बचने की करते थे कोशिश*
पूछताछ में गिरोह के वारदात करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपीगण सामान्यतः 10 से 15 दिनों के लिए चोरी करने के उद्देश्य से टांडा धार जिले से निकलते थे। दिन के समय विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनमें ताले लगे हों और जिनके संबंध में उन्हें यह जानकारी हो कि मकान मालिक अथवा परिवार के सदस्य बाहर गए हुए हैं।
🔹रेकी के बाद आरोपीगण रात के समय चिन्हित सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह द्वारा वारदात के दौरान सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने का प्रयास किया जाता था तथा चोरी करने के बाद तत्काल क्षेत्र छोड़ दिया जाता था।
🔹 *गिरोह का मुख्य आरोपी मानसिंह उर्फ मान्या—कई जिलों में अपराधों की जानकारी*
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मानसिंह उर्फ मान्या उर्फ मनु गिरोह का मुख्य सदस्य है तथा उसके विरुद्ध विभिन्न जिलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी प्राप्त हुई है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की संबंधित जिलों से जानकारी एकत्रित की जा रही है।
*आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा ₹10,000/- (दस हजार रुपये) का इनाम घोषित किया गया है।*
🔹 *इसी प्रकार फरार आरोपी दिनेश पिता शंकर वसूनिया, निवासी जिला धार की गिरफ्तारी हेतु भी पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा ₹10,000/- (दस हजार रुपये) का इनाम घोषित किया गया है।*
🔹 *ज्ञात हो कि टांडा धार जिले की गैंग ने ही 2017 में मुलताई में डकैती की घटना को अंजाम दिया था साथ ही बड़वानी में भी गिरोह ने 2021 में बड़ी डकैती डाली थी*
🔹अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश एवं पतारसी की जा रही है।
🔹 *फरार आरोपियों की तलाश जारी*
प्रकरण में शामिल फरार आरोपी—
1. दिनेश पिता शंकर वसूनिया
2. मानसिंह उर्फ मान्या उर्फ मनु पिता बायसिंह मोहनिया
3. सुरपसिंह मोहनिया
4. रेवसिंह मोहनिया
5. छगन वसूनिया
सभी निवासी जिला धार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के संभावित ठिकानों एवं उनके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
🔹 *पुलिस टीम को ₹10 हजार नगद पुरस्कार*
अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश कर तीन चोरी की वारदातों का खुलासा करने एवं आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु *पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा ₹10,000/- का नगद पुरस्कार प्रदान* करने की घोषणा की गई है।
🔹 *सराहनीय भूमिका*
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सारणी निरीक्षक जयपाल इनवाती, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक मनोज उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके, आरक्षक मोहित भाटी एवं रवि मोहन तथा साइबर सेल से राजेन्द्र धाडसे, बलराम राजपूत एवं सचिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔹 *पुलिस की नागरिकों से अपील*
* पुलिस अधीक्षक बैतूल की ओर से आम नागरिकों से अपील है कि घर को कुछ समय के लिए भी सूना छोड़ते समय उसकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें। घर के मुख्य दरवाजे एवं अन्य प्रवेश द्वारों पर मजबूत ताले लगाएं, आसपास के विश्वसनीय पड़ोसियों को घर की जानकारी दें तथा संभव हो तो सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें।
* लंबे समय के लिए घर से बाहर जाते समय घर के सूने होने की जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।*
🔹 बैतूल पुलिस अपराध की रोकथाम एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।