शराब माफियाओं के गुंडों के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन ने दमोह एसपी को सौंपा ज्ञापन”
”
दमोह से धीरज कुमार
दमोह/हटा से बड़ी खबर:
भगवती मानव कल्याण संगठन ने दमोह जिले में बढ़ते शराब माफियाओं और उनके गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आज दमोह एसपी को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन 24 मई 2025 को घटित एक गंभीर घटना के विरोध में दिया गया है।
घटना के अनुसार, संगठन के पदाधिकारी सालकराम पटेल के चाचा रामस्वरूप पटेल (उम्र लगभग 54 वर्ष, निवासी थाना रनेह) पर कुछ अज्ञात लोगों ने उस समय हमला कर दिया जब वे रनेह से अपने गांव लौट रहे थे। हमलावरों ने पहले गाड़ी से टक्कर मारी और फिर गंभीर रूप से घायल रामस्वरूप पटेल के साथ बर्बर मारपीट की। हमलावरों में जयदेव सिंह घोसी, दिनेश घोसी सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। घायल का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी मौके से जब्त कर लिया गया जिसे गणेश थाना प्रभारी को सौंपा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल को हटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें दमोह रेफर किया गया। इसी दौरान अस्पताल में पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष पल्या और अन्य कथित शराब माफियाओं के गुंडे पहुंच गए और संगठन के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। बताया गया कि करीब 30-40 लोग, जिनमें लकी घोसी, सौरव घोसी आदि शामिल थे, संगठन के सदस्यों को घेरने और उन पर पथराव करने की कोशिश कर रहे थे।
हालात बिगड़ते देख संगठन के सदस्य और पीड़ित के परिजन किसी तरह जान बचाकर हटा थाना पहुंचे, जहां मामूली एफआईआर दर्ज कर ली गई। संगठन का आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
अंततः संगठन के सदस्यों ने आज दमोह एसपी को एक विशाल ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल घायल रामस्वरूप पटेल जबलपुर में ICU में भर्ती हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।


