मेरठ STP में क्लोरीन गैस का रिसाव, 8-10 लोगों की तबीयत बिगड़ी
मेरठ के पल्लवपुरम फेज-2 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव से कई लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी, 8 से 10 लोगों की तबीयत बिगड़ी।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में मंगलवार शाम सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) में क्लोरीन गैस का रिसाव होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मामला पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के पल्लवपुरम फेज-2 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का है. अचानक गैस का रिसाव शुरू होने के बाद आसपास के लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी.
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. गैस के संपर्क में आने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई. इनमें करीब 8 से 10 लोगों की हालत ज्यादा खराब बताई गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
नगर आयुक्त सौरव गंगवार ने बताया कि प्लांट में लगे क्लोरीन सिलेंडर के वाल्व में लीकेज होने के कारण गैस का रिसाव हुआ था. प्रशासन और संबंधित टीमों की कार्रवाई के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि यह प्लांट लंबे समय से मेरठ विकास प्राधिकरण के पास था और कुछ समय पहले ही नगर निगम को सौंपा गया है. प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है.
गैस रिसाव की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा. पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई.



