खबर
मंत्री डॉ. शाह ने सुनी हॉस्टल की छात्राओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकर
राजू पटेल
खण्डवा
मंत्री डॉ. शाह ने सुनी हॉस्टल की छात्राओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकर
खंडवा:
प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रविवार को खंडवा शहर में स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती उत्कृष्ट छात्रावास, सीनियर कन्या छात्रावास एवं महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का दौरा कर छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के बारे में विस्तार से पूछताछ की और वहां रहने के दौरान बालिकाओं को आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। मंत्री डॉ. शाह ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को छात्राओं की सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।
छात्राओं के साथ किया मध्याह्न भोजन
दौरे के दौरान मंत्री डॉ. शाह ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हॉस्टल की छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी किया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को आश्वस्त किया कि छात्रावास में उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग की छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उनके लिए बेहतर उच्च शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से कृत संकल्पित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हॉस्टल की छात्राओं की बेहतरी और सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. नारायण सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

