राज्य

फिरोजाबाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान गर्भवती महिला की मौत, 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड

फिरोजाबाद में पुलिस कार्रवाई के दौरान गर्भवती महिला की मौत, छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिवार ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि चोरी के मामले में एक युवक को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस को रोकने की कोशिश कर रही उसकी गर्भवती पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसके पेट में लात मारी गई। घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और प्रसव के बाद उसकी मौत हो गई। मामले में दो सब-इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

मामला शिकोहाबाद के लभौआ गांव का है। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात करीब 11:45 बजे सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह पुलिस टीम के साथ गौरव नाम के युवक को चोरी के मामले में पकड़ने उसके घर पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि जब पुलिस गौरव को अपने साथ ले जाने लगी, तो उसकी 28 वर्षीय गर्भवती पत्नी अंजलि ने पुलिसकर्मियों से पति को न ले जाने की गुहार लगाई। इसी दौरान आरोप है कि सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने अंजलि के पेट में लात मार दी, जिससे वह गिर गई।

परिजनों के अनुसार, पुलिस गौरव को अपने साथ ले गई, जबकि अंजलि की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। उसे शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह अंजलि ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद परिवार उसे फिरोजाबाद के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का कहना है कि अंजलि की मौत के बाद पुलिस ने गौरव को छोड़ दिया। महिला की मौत की खबर फैलने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने शिकोहाबाद थाने पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अंजलि के नवजात बेटे की हालत भी गंभीर बताई गई है और उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबित पुलिसकर्मियों में सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह, मुख्य आरक्षी मोहन सिंह और अरविंद कुमार तथा आरक्षी भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस पर लगे आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गर्भवती महिला की मौत और उसके नवजात बच्चे की गंभीर हालत को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button