
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पर शेयर की गई नई तस्वीरों ने अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर उनके संभावित तीसरे कार्यकाल को लेकर चर्चा तेज कर दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिनमें सबसे ज्यादा ध्यान उनकी ‘TRUMP 2028’ लिखी कैप ने खींचा है।
ट्रंप ने Truth Social पर दो तस्वीरें शेयर कीं। इनमें से एक पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने कार्यकाल और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल के बीच तुलना करने की कोशिश की। तस्वीर में ‘BIDEN’ और ‘TRUMP’ के जरिए अमेरिका की स्थिति को अलग-अलग तरीके से दिखाया गया है। माना जा रहा है कि इस पोस्ट के जरिए ट्रंप अपने प्रशासन को बाइडेन प्रशासन से बेहतर बताने का राजनीतिक संदेश दे रहे हैं।
इसके बाद ट्रंप ने अपनी एक और तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह ‘TRUMP 2028’ लिखी कैप पहने नजर आए। इसी तस्वीर के सामने आने के बाद सवाल उठने लगे कि क्या ट्रंप 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में भी उतरने का संकेत दे रहे हैं।
हालांकि, अमेरिकी संविधान का 22वां संशोधन किसी व्यक्ति को दो से अधिक बार राष्ट्रपति निर्वाचित होने से रोकता है। इसलिए मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था के तहत ट्रंप का तीसरी बार राष्ट्रपति निर्वाचित होना संभव नहीं है। संविधान में बदलाव के लिए एक बेहद कठिन संशोधन प्रक्रिया की आवश्यकता होगी।
ट्रंप पहले भी तीसरे कार्यकाल से जुड़े सवालों के कारण चर्चा में रह चुके हैं। ऐसे में ‘TRUMP 2028’ कैप वाली उनकी नई तस्वीर ने राजनीतिक अटकलों को एक बार फिर हवा दे दी है। फिलहाल ट्रंप की ओर से 2028 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
अब यह तस्वीर केवल राजनीतिक प्रचार और समर्थकों के लिए संदेश है या इसके पीछे भविष्य की कोई बड़ी राजनीतिक रणनीति है, इसे लेकर अमेरिका में चर्चा जारी है।
